दीपावली से पहले आयुष इंटर्न को तोहफा, भत्ता हुआ दोगुना, अब हर महीने मिलेंगे 15 हजार
उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपावली से पहले आयुष इंटर्न डॉक्टरों का मासिक भत्ता 7,500 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये कर ...और पढ़ें

HighLights
आयुष इंटर्न का मासिक भत्ता 7,500 से 15,000 हुआ
दीपावली से पहले सरकार ने इंटर्न डॉक्टरों को दिया तोहफा
इंटर्न 25,000 रुपये भत्ता के लिए प्रयास जारी रखेंगे
जागरण संवाददाता, कानपुर। आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी के इंटर्न डाक्टरों को दीपावली से पहले सरकार की ओर से तोहफा मिला है। अभी तक 7500 रुपये मासिक इंटर्नशिप पर काम करने वाले बीएएमएस (आयुर्वेद), बीयूएमएस (यूनानी) और बीएचएमएस (होम्योपैथी) के इंटर्न ने 15 हजार भत्ते की घोषणा के बाद खुशी जाहिर की।
इंटर्न ने कहा कि अब पढ़ाई के दौरान परिवार पर आर्थिक निर्भरता कम होगी। दूसरे राज्यों में इंटर्न को 25 हजार रुपये मिल रहे हैं। इसको लेकर काफी समय से प्रयास कर रहे थे। अब सरकार की ओर से 15 हजार भत्ता किया गया है। हालांकि, इंटर्न ने अन्य राज्यों में मिल रहे भत्ता के लिए प्रयास जारी रखने की बात कही।
पंडित जवाहर लाल नेहरू होम्योपैथिक चिकित्सालय के प्राचार्य डा. हर्षवर्धन सिंह भदौरिया ने कहा कि भत्ता बढ़ने से इंटर्न खुश हैं। अब उनका फोकस शोध कार्य व नवाचार पर होगा। अभी तक कई इंटर्न को आर्थिक रूप से परिवार पर निर्भर रहना पड़ता था। अब उनकी समस्या का निदान होता दिख रहा है।
रीडर प्रैक्टिस आफ मेडिसिन विभाग के डा. पुनीत कुमार मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में नौ होम्योपैथिक, आठ आयुर्वेदिक और दो यूनानी मेडिकल कालेज हैं। इसमें पढ़ाई कर रहे 1600 से ज्यादा इंटर्न को भत्ता दोगुणा होने का लाभ मिलेगा।
इस निर्णय से आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी के इंटर्न डाक्टरों में लंबे समय से चला आ रहा असमानता का भाव भी खत्म होता दिख रहा है। अब इंटर्न को आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसी प्रकार आयुर्वेद व यूनानी के इंटर्न ने भी बढ़ाए गए भत्ते पर हर्ष व्यक्त किया।
इंटर्न ने जताई खुशी
पंडित जवाहर लाल नेहरू होम्योपैथिक चिकित्सालय के तृतीय वर्ष के इंटर्न डा. सच्चिदानंद यादव ने कहा कि भत्ता को बढ़ाने के लिए लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। सरकार ने दीपावली से पहले भत्ता 15 हजार कर तोहफा दिया है। खुशी है, परंतु अधिकार के लिए अभी भी प्रयास करेंगे।
एमबीबीएस के बराबर भत्ता लेने के लिए अपनी बात को रखा जाएगा। वहीं डा. अर्चना ने कहा कि दोगुणा भत्ता ने खुशी दी है। समानता के लिए आगे भी प्रयास करेंगे। दीपावली से पहले यह इंटर्न के लिए तोहफा है। कालेज के जूनियर व सीनियर मिलकर पार्टी करेंगे और खुशी जाहिर करेंगे।
