कानुपर में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, अब ताजमहल नहीं, अयोध्या बन रही दुनिया के पर्यटकों की पहली पसंद
भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कानपुर में कहा कि अब अयोध्या विदेशी पर्यटकों के लिए ताजमहल से भी बड़ा आकर्षण बन रही है, जो भारत की बदलती सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। उन्होंने भारतीय संस्कृति के पोषण भाव, विवेक के महत्व और देश की प्रगति पर जोर देते हुए सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में बोलते भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य डा.सुधांशु त्रिवेदी। जागरण
HighLights
आचार्य वंदनम् में बोले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता, भारतीय संस्कृति में शोषण नहीं, पोषण का भाव
भारतीय संस्कृति में शोषण नहीं, पोषण का भाव निहित
गलत विचार से इन्फोसिस भी बन सकती है और अलकायदा भी
जागरण संवाददाता, कानपुर। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य डा. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को लेकर दुनिया का नजरिया बदल रहा है। पहले विदेशी पर्यटकों के लिए ताजमहल प्रमुख आकर्षण था, जबकि अब अयोध्या आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि 2023 तक पर्यटकों के आगमन के लिए जिन स्थानों की चर्चा होती थी, उनमें अब अयोध्या की पहचान प्रमुख है।
आर्य नगर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के आचार्य वंदनम् कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बुद्धिमत्ता के साथ विवेक और सही संकल्प भी जरूरी हैं। उदाहरण देते हुए कहा कि इन्फोसिस और अलकायदा ने 1970 के दशक में शुरुआत की, लेकिन एक ने दुनिया के लिए सृजन किया और दूसरे ने विनाश। अंतर उनके विचार और संस्कार का था।
प्रकृति के अंधाधुंध दोहन को पर्यावरण संकट का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति पृथ्वी को माता मानती है। कोरोना वायरस की उत्पत्ति को लेकर उन्होंने वन्यजीव बाजार और प्रयोगशाला से वायरस लीक होने के दो सिद्धांतों का उल्लेख किया। डा. त्रिवेदी ने सामाजिक एकता को प्रभावित करने वाले क्षेत्रीय, भाषाई और पीढ़ियों के मतभेदों के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने की बात कही।
चंद्रयान-3, अंतरिक्ष, मोबाइल निर्माण और आर्थिक क्षेत्र में भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को अपनी सांस्कृतिक चेतना, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय एकता मजबूत करनी चाहिए। सर्जिकल स्ट्राइक और आपरेशन सिंदूर का जिक्र कर कहा कि भारत अपनी शक्ति दिखाने में सक्षम है।
कार्यक्रम के बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा के लिए चुनाव से ऊपर राष्ट्र है। परिसीमन बदलते भारत और संसद की जरूरतों के अनुरूप है। किसी राज्य के प्रतिनिधित्व का अनुपात नहीं बदलेगा। सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर कहा कि दोनों दलों में सीटों के बंटवारे से पहले एक-दूसरे पर कब्जे की होड़ दिखती है और भाजपा को इससे चुनौती नहीं दिखती।
पीडीए नारे पर तंज कसते हुए कहा कि इसका अर्थ ‘पीट देगा अपराधी’ तो नहीं। पीडीए अब आलू है, कभी भी उसका स्वरूप बदल जाता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रचार टोली के सदस्य और शिक्षाविद् मुकुल कानिटकर ने कहा कि आचार्य का सम्मान भारतीय परंपरा के साथ ज्ञान पाने की पहली शर्त भी है। गूगल और इंटरनेट से जानकारी मिल सकती है, लेकिन उसे विवेक और अनुभव से जोड़कर ज्ञान में बदलने का काम गुरु करता है। शिक्षक का दायित्व जानकारी देने के साथ व्यक्ति में विवेक, संस्कार और जीवन मूल्य विकसित करना है।
उन्होंने शिक्षा को केवल व्यवसाय बनाने से बचाने और संस्थानों में गुरु के प्रति सम्मान बनाए रखने की जरूरत बताई। उनके अनुसार आचार्य के मार्गदर्शन से शिष्य की ग्रहणशीलता बढ़ती है और ज्ञान परंपरा आगे बढ़ती है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में शिक्षाविद् मुकुल कानिटकर ने कहा, गूगल जानकारी दे सकता है, ज्ञान केवल गुरु से मिलता है
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।