विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्लफ्रैंड से हट कर वीडियो बनाओ...कहते ही भड़के छात्र, दोस्त का अपहरण कर कार में जमकर पीटा

Published: Tue, 13 Oct 2026 02:12 PM (IST)

कानपुर के नारायणा कॉलेज में फेयरवेल पार्टी के दौरान जीएनएम छात्र जाहिद को सीनियर छात्रा के पुरुष मित्र ने साथियों ...और पढ़ें

यह एक प्रतीकात्मक फोटो है।

यह एक प्रतीकात्मक फोटो है।

HighLights

  1. नारायणा कॉलेज में फेयरवेल पार्टी के दौरान घटना हुई

  2. जीएनएम छात्र जाहिद को कार में अगवा कर पीटा गया

  3. वीडियो बनाने को लेकर हुआ था यह विवाद

संवाद सहयोगी, कल्याणपुर( कानपुर )। पनकी के नारायणा कालेज में फेयरवेल पार्टी के दौरान जीएनएम द्वितीय वर्ष के छात्र की सीनियर छात्रा के पुरुष मित्र ने साथियों संग मिलकर कार से अगवा कर पिटाई की। यही नहीं आरोपितों ने छात्र की कमीज भी उतार कर बाहर फेंक दी। पार्टी में छात्र ने छात्रा से हटकर वीडियो बनाओ यार बोल दिया था जो वीडियो में रिकार्ड हो गया। किसी तरह से छात्र ने आरोपितों के चंगुल से छूटकर जान बचाई, स्वजन ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

रावतपुर के मसवानपुर शिवनगर निवासी शम्स तबरेज पत्नी मेहपारा बेगम और बेटे मो. जाहिद के साथ रहकर एक निजी हास्पिटल में मैनेजमेंट का काम करते हैं।पत्नी मेहपारा ने बताया कि उनका बेटा पनकी के नारायणा कालेज से जीएनएम द्वितीय वर्ष का छात्र है।

शनिवार को कालेज में एमएनएम फाइनल इयर की फेवरवेल पार्टी थी। रात आठ बजे के करीब जाहिद मेज पर स्नैक्स लगा रहा था तभी एक सीनियर छात्रा बगल में खड़ी होकर वीडियो बना रहे थी। बेटे जाहिद ने उसे, हटकर वीडियो बनाओ यार बोल दिया।

कुछ देर बाद उसी छात्रा ने बेटे से बोला कि उसके पुरुष मित्र से मिल लो,उसे गलत फहमी हो गई है। जिस पर उनका बेटा कालेज के बाहर चला गया जहां एक सफेद कार में पांच युवक बैठे थे। बेटे ने उन्हें बताया कि छात्रा से उसका कोई मतलब नहीं है और वह बहन की तरह है।

आरोप है कि आरोपितों ने उसे कार में बिठा कर उसका फोन जांचा और थप्पड़ मारते हुए पनकी स्टेशन होते हुए चकरपुर हाइवे की तरफ ले गए। इस बीच आरोपितों ने बेटे की कमीज उतरवा कर बाहर फेंक दी और आपस में बेटे को काट कर फेंकने की बात कही।

चकरपुर में एक सुनसान जगह हाइवे पर आरोपित कार से उतर कर सिगरेट पीने लगे। जिसका फायदा उठाकर किसी तरह से उनका बेटा कार से बाहर निकल कर उनके चुंगल से छूटा और पास में स्थित झाड़ियों में झुप गया। अंधेरा होने की वजह से आरोपित उसे खोज नहीं पाए और कार से भाग निकले।

घबराये छात्र ने अपने दोस्तों को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे उसके दोस्त देर रात उसे लेकर वापस कालेज पहुंचे और प्रबंधन व शिक्षकों को पूरा वाक्या बताया। अगले दिन मेहपारा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

छात्र जाहिद ने बताया कि सीसी फुटेज में सफेद आइटेन कार और आरोपित दिखाई दिए हैं। एसीपी पनकी अमित चौरसिया ने बताया कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।