विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट में पुतला फूंका, पुलिस से छीना झपटी

Published: Sun, 04 Oct 2026 05:57 PM (IST)

समाजवादी पार्टी ने कानपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर नाम काटे ...और पढ़ें

HighLights

  1. सपा ने कानपुर में सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया

  2. मतदाता सूची पुनरीक्षण में नाम काटे जाने का आरोप लगाया

  3. कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार की तस्वीर फूंकने का प्रयास किया

जागरण संवाददाता, कानपुर। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने के आरोप को लेकर समाजवादी पार्टी ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष फजल महमूद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बड़े चौराहे से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ियां कर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया जा रहा है और इन्हें शीघ्र दुरुस्त किया जाए, अन्यथा आंदोलन जारी रहेगा। हाजी फजल महमूद ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन में "वोट चोर गद्दी छोड़" और "लोकतंत्र की हत्या बंद करो" जैसे नारे लगे। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव 'मिंटू', पूर्व विधायक इरफान सोलंकी, आशीष चौबे, नंदलाल जायसवाल, कमलेश ओमर, विनय गुप्ता, सुधांशु मिश्रा, कुलदीप यादव, सिराज हुसैन, अर्पित त्रिवेदी, दीपिका मिश्रा, महिमा शर्मा, पूजा यादव, कीर्ति अग्निहोत्री समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं, पुलिस को चकमा देकर लॉयर्स चौराहे पर फूंकी ज्ञानेश कुमार की तस्वीर

समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रविवार को बड़ा चौराहा से प्रदर्शन किया। पुलिस की निगरानी के बीच संजय, इशू और साहिल पुलिस को चकमा देकर के.के. तिवारी (लॉयर्स) चौराहे पर पहुंचे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की तस्वीर में आग लगा दी। "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" के नारे लगते ही पुलिस सक्रिय हुई और काफी छीना-झपटी के बाद तस्वीर बुझाकर कब्जे में ली। इस दौरान एक कार्यकर्ता की उंगली में चोट भी आई। प्रदर्शन में रामा यादव, विनोद यादव, अभिजीत गुप्ता, विकास वर्मा, अनुराग पांडे, बाबू अली, सत्यम पांडे, शिवम खन्ना, हिमांशु तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।