SIR Updates: एसआईआर के बाद कानपुर-बुंदेलखंड के 13 जिलों में घटे 20.26 लाख मतदाता, कानपुर में सर्वाधिक 6.49 लाख कम हुए
कानपुर और बुंदेलखंड मंडल के 13 जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची में 20.26 लाख मतदाताओं ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर-बुंदेलखंड के 13 जिलों में 20.26 लाख मतदाता घटे
कानपुर नगर में सर्वाधिक 6.49 लाख मतदाताओं की कमी दर्ज
औरैया और जालौन में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई
जागरण टीम, कानपुर। SIR Updates: कानपुर व बुंदेलखंड मंडल के 13 जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मतदाता सूची में बड़ा बदलाव सामने आया है। सभी जिलों में मतदाताओं की संख्या 1.69 करोड़ से घटकर अब लगभग 1.48 करोड़ रह गई है। इस तरह कुल 20.26 लाख मतदाता घटे हैं। कानपुर-बुंदेलखंड के इन जिलों में 52 विधानसभा क्षेत्र हैं, जबकि 10 लोकसभा क्षेत्रों की संख्या है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों में कानपुर नगर में सबसे अधिक 6,49,675 व उन्नाव में 2,91,615 मतदाता घटे हैं। इटावा में 2.33 लाख, फर्रुखाबाद में 2.17 लाख व कन्नौज में 2.21 लाख से अधिक मतदाताओं की कमी आई है। दूसरी ओर, औरैया व जालौन में मतदाताओं की संख्या बढ़ी है।
कानपुर में एसआइआर से पहले 35,17,134 मतदाता थे, जो अब 28,67,459 रह गए। उन्नाव में मतदाताओं की संख्या 23,25,053 से घटकर 20,33,438 रह गई है। इटावा में पहले 12,86,566 मतदाता थे, जो घटकर 10,53,566 रह गए है। इस तरह 2,33,000 मतदाता कम हुए हैं।
फर्रुखाबाद में 13,91,991 से घटकर 11,74,905 मतदाता बचे हैं। यहां 2,17,086 मतदाता कम हुए। कन्नौज में 12,89,220 से घटकर 10,67,332 मतदाता रह गए यानी 2,21,888 की कमी आई। फतेहपुर में 18,78,441 मतदाताओं के मुकाबले पुनरीक्षण के बाद 17,40,763 मतदाता हैं, यहां 1,38,678 कम हुए।
बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर व महोबा में मतदाता घटे हैं। बांदा में 12,29,887 से घटकर 11,10,253, चित्रकूट में 7,38,948 से घटकर 6,68,198, महोबा में 6,86,959 से घटकर 6,28,257 मतदाता रह गए हैं। जालौन में इसके उलट 10,85,501 से बढ़कर 11,18,773 मतदाता हो गए हैं।
कानपुर देहात में 13,36,177 से घटकर 11,83,604 मतदाता रह गए हैं। हमीरपुर में 8,39,731 से घटकर 7,92,595 मतदाता बचे हैं। यहां 47,136 मतदाता कम हुए हैं। औरैया में एसआइआर से पहले 9,17,201 मतदाता थे, जो बढ़कर 9,36,397 हो गए हैं।
वहीं, बुंदेलखंड के पांच जिलों में विधानसभा व त्रिस्तरीय पंचायत-निकाय की मतदाता सूचियों में भी अंतर है। बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा व जालौन में विधानसभा की मतदाता सूची में कुल 44,40,330 मतदाता हैं तो पंचायत और नगरीय निकाय की सूचियों में कुल 54,36,556 मतदाता हैं। दोनों के बीच 9,96,226 का अंतर है।
पंचायत-निकाय की संयुक्त संख्या विधानसभा की सूची से करीब 22.4 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, इसके पीछे कारण अलग-अलग चुनावों की सूचियों का दायरा अलग होने से फर्जी या दोहरे मतदाताओं की संख्या मानी जा रही है।
यह भी पढ़ें- कानपुर में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाना हुआ आसान, SIR के 30 सवालों से राहत; सूची में नाम के लिए भरें फार्म-6
