विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में चर्च की वर्षगांठ पर कार्यक्रम में बजरंग दल का हंगामा, 400 हिंदुओं का मतांतरण का आरोप

Published: Sat, 31 Oct 2026 04:56 PM (IST)

बजरंग दल ने कानपुर में एक चर्च की वर्षगांठ पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में 400 हिंदुओं के मतांतरण का आरोप ...और पढ़ें

ग्वालटोली थाने में धरने पर बैठे बजरंग दल के पूर्व संयोजक कृष्णा तिवारी समेत कार्यकर्ताओं को समझाते पुलिसकर्मी। वीडियो ग्रैब

ग्वालटोली थाने में धरने पर बैठे बजरंग दल के पूर्व संयोजक कृष्णा तिवारी समेत कार्यकर्ताओं को समझाते पुलिसकर्मी। वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. चर्च की वर्षगांठ पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में हंगामा।

  2. बजरंग दल ने 400 हिंदुओं के मतांतरण का आरोप लगाया।

  3. पुलिस की देरी पर थाने में कार्यकर्ताओं का धरना।

जागरण संवाददाता, कानपुर। चर्च की वर्षगांठ पर खलासी लाइन में शुक्रवार शाम आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। सूचना के बावजूद ग्वालटोली थाना पुलिस के देरी से पहुंचने पर आयोजक समेत कई लोगों के पिछले गेट से भागने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने थाने में धरना-प्रदर्शन किया। एसीपी के जांच के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। 80 फीट रोड स्थित द ग्रेस एंड ग्लोरी चर्च की तीसरी वर्षगांठ पर खलासी लाइन स्थित हरिहरनाथ शास्त्री आर्ट एंड कल्चर सेंटर में यह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित था।


बजरंग दल के पूर्व कानपुर संयोजक कृष्णा तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम में दूसरे जिलों से आए करीब 400 हिंदुओं का मतांतरण कराया जा रहा था। गेट पर कई हिंदू महिलाओं से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उनसे मूर्ति पूजा न कर इंसानियत की पूजा करने को कहा जा रहा था। कार्यक्रम में ज्यादातर हिंदू परिवार थे। कृष्णा तिवारी ने आरोप लगाया कि समय पर पुलिस जांच करती तो पूरे मामले का पर्दाफाश हो जाता।

उधर, कार्यक्रम प्रबंधक अमित लायल ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी। सुबह ही आशंका पर एसीपी कर्नलगंज को अवगत करा दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 40 लोगों ने गेट पर पहुंचकर अभद्रता की और महिलाओं को रोककर आधार कार्ड देखे।

ग्वालटोली थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि कार्यक्रम की अनुमति थी। आरोप लगाकर हंगामा करने वालों को समझा दिया गया और कार्यक्रम समाप्ति तक पुलिस बल आयोजन स्थल पर तैनात रहा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।