विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सह सरकार्यवाह डा.कृष्ण गोपाल पहुंचे कानपुर, कहा- समस्याओं का समाधान भारतीय आध्यात्मिकता और सेवा भाव में 

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:28 PM (IST)

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल ने कानपुर में कहा कि युद्ध, असहिष्णुता और उपभोक्तावाद जैसी वैश्विक समस्याओं का समाधान भारतीय आध्यात्मिकता में निहित है। उन्होंने सेवा, संयम और संतोष को जीवन का आधार बनाने पर जोर दिया।

बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में बोलते संस्था के संस्थापक स्वामीनाथन गुरूमूर्ति। साथ में मंचासीन सीए नीतू सिंह , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा.कृष्ण गोपाल ,आयाेजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार लोहिया , सचिव डा. अरविंद दीक्षित व सीए सुधीन्द्र जैन (बाएं से दाएं) । जागरण

बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में बोलते संस्था के संस्थापक स्वामीनाथन गुरूमूर्ति। साथ में मंचासीन सीए नीतू सिंह , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा.कृष्ण गोपाल ,आयाेजन समिति के अध्यक्ष राजकुमार लोहिया , सचिव डा. अरविंद दीक्षित व सीए सुधीन्द्र जैन (बाएं से दाएं) । जागरण

HighLights

  1. भारतीय आध्यात्मिकता वैश्विक समस्याओं का समाधान: डॉ. कृष्ण गोपाल.

  2. सेवा, संयम, संतोष से शांति व सह-अस्तित्व संभव.

  3. हिंदू आध्यात्मिक मेले में दिखा सेवा व नवाचार का संगम.

जागरण संवाददाता, कानपुर। विश्व आज युद्ध, असहिष्णुता, उपभोक्तावाद व प्रकृति के दोहन की गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। अलग-अलग विचार, मत व संप्रदायों के बीच बढ़ती दूरी ने मानवता के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ऐसे समय में भारत की आध्यात्मिक दृष्टि (जिसमें प्रत्येक व्यक्ति के भीतर एक ही ईश्वरीय तत्व को स्वीकार किया जाता है) ही विश्व को शांति व सह-अस्तित्व का मार्ग दिखा सकती है। सेवा, संयम व संतोष को जीवन का आधार बनाकर इन समस्याओं का समाधान संभव है।

यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डा. कृष्ण गोपाल ने गुरुवार को बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के अंतर्गत 'राष्ट्र, समाज और सेवा के समसामयिक विषयों पर प्रबुद्ध संवाद' विषय पर आयोजित संगोष्ठी में व्यक्त किए।

RSS Krishna Gopal (1)

उन्होंने कहा कि विश्व में आज अनेक संघर्षों व युद्धों के पीछे एक बड़ा कारण दूसरे मत व विचार को स्वीकार न कर पाने की प्रवृत्ति है। रूस-यूक्रेन युद्ध इसका उदाहरण है। इसके विपरीत भारत में अनेक भाषाएं, प्रांत, पूजा पद्धतियां व संप्रदाय होने के बावजूद समाज साथ रहता है। पश्चिमी उपभोक्तावाद पर चिंता जताते हुए कहा कि आज मनुष्य की बड़ी गाड़ी, महंगे कपड़े व विलासिता की वस्तुओं की होड़ का कोई अंत नहीं है।

प्रकृति का दोहन पूरी दुनिया के लिए खतरा बन रहा है। आगरा विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति डा. अरविंद दीक्षित ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ राष्ट्र के प्रति दायित्व बोध भी कराते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजकुमार लोहिया ने की।

हिंदू आध्यात्मिक मेला सेवा फाउंडेशन के संस्थापक स्वामीनाथन गुरुमूर्ति ने कहा कि हिंदू समाज व भारतीय संस्कृति के बारे में सकारात्मक जानकारी का अभाव है। इसे आंकड़ों व प्रमाणों के साथ समाज के सामने लाना जरूरी है। उन्होंने जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर सभी को हिंदू समाज के अभिन्न अंग के रूप में देखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सोनिया गांधी की किताब पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राजीव गांधी की हत्या से जुड़े कई अहम सवालों व घटनाक्रमों को किताब में शामिल नहीं किया गया है। जिनेवा में भारतीय सुरक्षा को नहीं लेना, एलटीटीई प्रमुख प्रभाकरण से बातचीत का प्रस्ताव व नलिनी की रिहाई जैसे मुद्दों पर स्पष्टीकरण जरूरी है। तंज कसते हुए कहा कि महात्मा गांधी पूरा सच लिख सकते हैं, सोनिया गांधी नहीं।

उन्होंने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को परिवार सहित अयोध्या के राम मंदिर जाने की घोषणा को लेकर कहा कि पहले उन्हें पिता के किए गए अपराधों पर क्षमा मांगनी चाहिए, फिर दर्शन करने के लिए जाएं।


मेला में 200 स्टालों पर दिखी सेवा और नवाचार की झलक

पांच दिवसीय मेला के पहले दिन देश भर से आई स्वयंसेवी संस्थाओं के 200 से अधिक स्टालों पर सेवा व नवाचार की झलक दिखी। निवारन अप साइकलर्स के स्टाल पर पर्यावरण संरक्षण का अनूठा प्रयोग दिखा। यहां पुरानी धार्मिक पुस्तकों को री-साइकिल कर हनुमान चालीसा व अन्य पुस्तकें तैयार की जा रही हैं। इन पुस्तकों व पेन की खासियत है कि इस्तेमाल के बाद इन्हें गमले में डालने पर सब्जियां व फूल उगाए जा सकते हैं।

संस्था औरैया में किताबें, पेन व भगवान के वस्त्र तैयार करती है। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित हिंदू समग्र उन्नति अभियान संस्थान ने ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। चित्रकूट के सद्गुरु सेवा संस्थान अस्पताल व देवरिया के कामाख्या ज्योतिष पीठ के स्टाल ने भी आकर्षित किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।