विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाजपा नेता के फार्म हाउस पर लूटपाट: पुलिस आयुक्त ने रमेश यादव से बंद कमरे में की एक घंटे बात

Published: Tue, 13 Oct 2026 06:45 PM (IST)

पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने भाजपा नेता रमेश सिंह यादव के फार्म हाउस पर हुई लूटपाट की घटना की जांच ...और पढ़ें

भाजपा नेता रमेश यादव। जागरण

भाजपा नेता रमेश यादव। जागरण

HighLights

  1. पुलिस आयुक्त ने भाजपा नेता रमेश यादव से बात की

  2. फार्म हाउस और ब्रिक फील्ड का जायजा लिया

  3. पुलिस टीम को जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश

संवाद सहयोगी, बिधनू(कानपुर)। पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल मंगलवार शाम भाजपा नेता रमेश सिंह यादव के फार्म हाउस पहुंचे। उन्होंने बंद कमरे में रमेश सिंह से करीब एक घंटे तक बातचीत की। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने फार्म हाउस और पीछे स्थित बाबा ब्रिक फील्ड तक जाकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को जल्द घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त के पहुंचने से पहले रात में फोरेंसिक टीम खोजी स्वान के साथ मौके पर पहुंची थी। स्वान ब्रिक फील्ड के अंदर करीब दो सौ मीटर तक गया। यहां से एक रास्ता हाईवे और दूसरा प्रेमपुरवा गांव की ओर जाता है। पुलिस को आशंका है कि बदमाश वारदात के बाद इसी रास्ते से फरार हुए होंगे। टीम ने संभावित भागने के मार्गों और संदिग्ध स्थानों की जांच कर साक्ष्य सुरक्षित किए। पुलिस हाईवे व प्रेमपुरवा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। 

‘सामने खड़े बदमाशों को देखकर लगा, जैसे शैतान आ गए’

फार्म हाउस के हाल में बैठकर मोबाइल देख रहे थे, तभी एकाएक दो बदमाश सामने आकर खड़े हो गए। दोनों ने चेहरे को ढकने के साथ ही काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। उन्हें देखते ही एक पल के लिए लगा, जैसे सामने शैतान आ गए हों। घटना के दूसरे दिन मंगलवार को बातचीत में भाजपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश मंत्री और पीतांबर ग्रुप के चेयरमैन रमेश कुमार यादव ने बयां किया।

करीब 24 से 25 साल उम्र लग रही थी बदमाशों की

उनके मुताबिक, लखनऊ से लौटने के बाद फार्म हाउस के हाल में नाश्ता करने के बाद सोफे पर बैठकर मोबाइल देख रहे थे। हाल का दरवाजा खुला था। इसी बीच दोनों लुटेरे अंदर दाखिल हुए और उनके सामने आकर खड़े हो गए। सिर्फ आंखें दिखाई दे रही थीं। उनकी उम्र 24-25 साल के आसपास लग रही थी, जिसमें से एक लंबा और दूसरा नाटे कद का था। लंबे वाले लुटेरे के हाथ में तमंचा था, जबकि दूसरे के पास चाकू व पेट्रोल से भरी बोतल थी।

जिंदा जलाने की दी थी धमकी

कुछ समझ पाते, इससे पहले ही लंबे कद वाले लुटेरे ने तमंचा तान दिया और बोला, शोर नहीं मचाना। दूसरे ने शोर मचाने पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की धमकी दी। इसके बाद लंबे कद वाले बदमाश ने पीछे से पकड़ लिया और बेडरूम में ले गया। वहां दोनों ने काले अंगौछे से हाथ-पैर बांध दिए। मुंह में रूमाल ठूंसकर टेप चिपका दिया।

यह भी पढ़ें- 30 कैमरे लगे थे, फिर भी बदमाश नहीं दिखे… कानपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता को फार्म हाउस में बंधक बना 25 लाख लूटे