Body Detox: त्योहारों के भारी खान-पान से शरीर में जमा हो रहे टॉक्सिन, समय रहते डिटॉक्स करना बेहद जरूरी
त्योहारों में अधिक खानपान से शरीर में विषैले पदार्थ जमा हो जाते हैं, जिससे अपच और अन्य पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
त्योहारों के बाद शरीर में जमा विषैले पदार्थ बाहर निकालें।
पानी, व्यायाम, नींद और सही आहार से शरीर डिटॉक्स करें।
नींबू, लहसुन और प्रोबायोटिक्स पाचन सुधारने में सहायक हैं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। त्योहार में मिष्ठान, पूड़ी, कचौड़ी और मनमाना खान-पान शरीर में शरीर में कई प्रकार के विष एकत्र कर देता है। मैदा, नमक, तेल की अधिकता एकत्र होकर टाक्सिन यानी विषैले पदार्थ की तरह काम करती है और अपच, गैस्ट्रो, बीपी, शुगर और पाचन तंत्र से जुड़ी कई प्रकार की बीमारियों का खतरा बढ़ा देती है।
समय पर अगर शरीर को डिटाक्स नहीं किया जाए तो यह विष पदार्थ बीपी, शुगर, लिवर, किडनी और पाचन तंत्र के साथ प्रतिरोधक क्षमता पर गंभीर असर डालते हैं। इसलिए डिटाक्सिफिकेशन के जरिये शरीर से उन हानिकारक पदार्थ को बाहर निकाला जाता है, जो शरीर के संतुलन को प्रभावित करते हैं।
जीएसवीएम मेडिकल कालेज के वरिष्ठ चिकित्सक प्रो. सौरभ अग्रवाल बताते हैं कि डिटाक्स करने में सिर्फ खाना ही नहीं, बल्कि दिनचर्या को भी बदलना पड़ता है। प्रतिदिन 10 से 12 गिलास पानी पीने से शरीर में एकत्र हुए टाक्सिन पदार्थ यूरिन और पसीने के जरिये शरीर से बाहर निकलते हैं।
30 से 45 मिनट की हल्की एक्सरसाइज से मेटाबालिज्म को बेहतर किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि डिटाक्सीकरण के लिए पर्याप्त नींद यानी आठ घंटे जरूर सोएं और ध्यान करें। ऐसा करने से आप रोग मुक्त रहेंगे और मानसिक तनाव भी नहीं रहेगा।
न्यूरो सर्जन प्रो. मनीष सिंह ने कहा कि ब्रेन को डिटाक्स करने से तनाव और चिड़चिड़ापन की समस्या से छुटकारा मिलता है। इसके लिए एक घंटे की अतिरिक्त नींद के साथ मोबाइल और स्क्रीन टाइम को कम करें। इसके साथ ही ध्यान रखें जो पहले से किसी भी प्रकार की क्रोनिक बीमारी से ग्रसित हैं, जैसे लिवर, किडनी और हृदय रोगी और गर्भवती डॉक्टर की सलाह पर ही शरीर को डिटाक्स करें।
डिटॉक्स करने के दौरान खान-पान
- हल्का खाना, फाइबर और प्रोबायोटिक्स युक्त भोजन करें।
- फल में सेब, पपीता, केला यह पाचन को बेहतर करता है।
- पालक, चुकंदर, गाजर ब्रोकली व हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। यह एंटीआक्सिडेंट्स का काम करेंगी।
- पेट के लिए प्रोबायोटिक्स सबसे ज्यादा दही में मिलता है। इसका सेवन करें।
नींबू और लहसुन भी जरूरी
चिकित्सा अधीक्षक आयुर्वेदिक डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नींबू में विटामिन सी और एंटीआक्सिडेंट होते हैं। जो लिवर को डिटाक्स करने के साथ ही प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
सुबह एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू निचोड़कर पीने से पाचन तंत्र सुधारता है ओर शरीर के विष पदार्थ बाहर निकलते हैं। वहीं, लहसुन में मौजूद सल्फर कंपाउंड्स, एंटी बैक्टीरियल गुण बीपी को नियंत्रित करता है। लहसुन का पाचन तंत्र में गुड बैक्टीरिया की मात्रा बढ़ाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।