कानपुर सम्मेलन में खुलासा; फेफड़ों के कैंसर और टीबी के लक्षण एक जैसे, सही जांच ही बचाएगी जान
कानपुर में हुए नेशनल लंग्स कैंसर कांफ्रेंस में विशेषज्ञों ने बताया कि पैसिव स्मोकिंग से धूम्रपान न करने वालों में भी लंग्स कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। 95% मरीज बीमारी की गंभीरता को नहीं समझ पाते और 70-80% मामले तीसरे-चौथे चरण में सामने आते हैं, जबकि युवाओं में हुक्का व ई-सिगरेट सांस की बीमारियों का कारण बन रहे हैं।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
पैसिव स्मोकिंग से धूम्रपान न करने वालों को भी लंग्स कैंसर
70-80% लंग्स कैंसर मरीज तीसरे-चौथे चरण में इलाज को
युवाओं में हुक्का ई-सिगरेट सांस की बीमारियों का कारण
जागरण संवाददाता, कानपुर। अस्थमा, क्रानिक आब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी), लंग्स कैंसर व सांस के बीमारी के आधे से ज्यादा मामलों में पैसिव स्मोकिंग से बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। देश में हर साल सामने आ रहे सांस रोगी व लंग्स कैंसर की चपेट में ऐसे भी मरीज आ रहे हैं, जिन्होंने कभी जीवन में बीड़ी-सिगेट नहीं पी और वे घेरे में आए गए हैं।
यह वो मामले हैं, जो पैसिव स्मोकिंग यानी दूसरों के सेवन से गंभीर बीमारियों का शिकार हुए हैं। जीएसवीएम मेडिकल कालेज में हुए दो दिवसीय नेशनल लंग्स कैंसर कान्फ्रेंस में देशभर से आए पल्मोनोलाजिस्ट ने चिंता व्यक्त की। नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टीबी एंड रेस्पिरेटरी के डा. जेके सैनी ने कहा कि लक्षणों की पहचान मे देरी के कारण ही लंग्स कैंसर से ग्रसित पांच प्रतिशत मरीज ही समय पर इलाज करा पा रहे हैं। जबकि 95 प्रतिशत मरीज बीमारी को सामान्य खांसी, वजन कम होना, बलगम से खून आने की समस्या मानकर झोलाछाप से इलाज करा रहे हैं।
रविवार को कान्फ्रेंस के अंतिम दिन हुए पैनल में उन्होंने कहा कि 70 से 80 प्रतिशत लंग्स कैंसर के मरीज तीसरे व चौथे स्टेज पर इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डायग्नोस्टिक में देरी व वजन कम होना, खांसी व अन्य लक्षणों की अनदेखी करने से उनका जीवन खतरे में पड़ रहा है। हर साल सामने आ रहे 85 हजार मामलों में करीब 50 हजार मौत लंग्स कैंसर में बीमारी की अनदेखी के कारण हो रही है।
युवा वर्ग में तेजी से बढ़ रहा हुक्का व ई-सिगरेट का शौक उनको सांस का रोगी बना रहा है। 15 से 22 साल के युवा सबसे ज्यादा इसकी चपेट में आ रहे हैं। जिनमें सांस की बीमारियों का खतरा मिल रहा है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों से सामने आ रहे लंग्स कैंसर के 80 प्रतिशत मरीजों की हिस्ट्री में चूल्हे का धुआं व अन्य प्रकार के धुआं बीमारी का कारण बनकर सामने आया है।
एक से डेढ़ सप्ताह की खांसी को कतई न करें अनदेखा
राष्ट्रीय क्षय रोग संस्थान के डा. प्रकाश ने कहा कि टीबी व लंग्स कैंसर के हर दूसरे मरीज में एक से डेढ़ सप्ताह की खांसी मुख्य जिम्मेदार बन रही है। जिनकी अनदेखी करने से सांस की बीमारी व कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी का खतरा बढ़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में बने सेंटर में टीबी के ज्यादातर मरीजों में इलाज में लापरवाही व दवा खाने में मनमानी से भी कैंसर का खतरा हो रहा है।
समय पर स्क्रीनिंग कर लंग्स कैंसर के खतरे को 95 प्रतिशत तक कम किया जा सकता है। पीजीआइ चंडीगढ़ की डा. दिव्या ने कहा कि फेफड़ों की गांठ में रेडियोथेरेपी रेडियेशन की हाई डोज कारगर साबित हो रही है। इसकी मदद से अब बिना चीर-फाड़ के गांठ का इलाज किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।