विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में छोटे भाई ने ईंट से कूचकर की बड़े भाई की हत्या, पत्नी और बेटी ने भी पीटा, दो गिरफ्तार

Published: Tue, 10 Nov 2026 08:16 PM (IST)

कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में मकान के बंटवारे का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि ...और पढ़ें

मृतक आनंद सिंह की फाइल फोटो व भाई की हत्या में गिरफ्तार आरोपित प्रियम सिंह और उसकी पत्नी। पुलिस

मृतक आनंद सिंह की फाइल फोटो व भाई की हत्या में गिरफ्तार आरोपित प्रियम सिंह और उसकी पत्नी। पुलिस

HighLights

  1. हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के संजय गांधी नगर में रविवार रात मकान के बंटवारे के विवाद में वारदात

  2. हत्या कर पड़ोस के खाली प्लाट में फेंका शव, पत्नी और बेटी ने भी लाठी-डंडों से की थी पिटाई

जागरण संवाददाता, कानपुर। हनुमंत विहार में मकान के बंटवारे के विवाद में बीती रविवार रात छोटे भाई ने बड़े भाई की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात में उसकी पत्नी और नाबालिग बेटी ने भी साथ दिया। पहले घर के बाहर लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान किया और फिर घर के अंदर ले जाकर ईंट से सिर कूच दिया।

इसके बाद शव को पड़ोस के खाली प्लाट में फेंककर आरोपित भाई फरार हो गया। मंगलवार को मृतक के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छोटे भाई और उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दो डाक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसमें सिर की हड्डी टूटने से मौत की पुष्टि हुई है।

संजय गांधी नगर निवासी 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगडू वर्ष 2022 में हत्या के एक मामले में जेल से छूटा था। इसके बाद वह पैतृक मकान में छोटे भाई प्रियम सिंह के परिवार के साथ रह रहा था। परिवार में प्रियम की पत्नी रानी और 13 वर्षीय नाबालिग बेटी है।

बताया गया कि रविवार रात दोनों भाइयों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। उस वक्त दोनों नशे की हालत में थे। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि प्रियम के साथ उसकी पत्नी रानी और नाबालिग बेटी ने आनंद को घर के बाहर लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद उसे घर के अंदर खींचकर ले गए, जहां प्रियम ने ईंट से सिर कूचकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपितों ने वारदात को छिपाने के लिए शव को पड़ोस में बाबा नगर निवासी सचिन पाल के खाली प्लाट में फेंक दिया। बताया गया कि वारदात से पहले घर के बाहर लगे सीसी कैमरे भी बंद कर दिए गए थे। सोमवार सुबह प्लाट में शव पड़ा देखकर क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना के बाद प्रियम फरार हो गया था, जबकि उसकी पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मृतक वर्ष 2007 में भी हत्या के एक मामले में जेल गया था। वर्ष 2022 में छूटने के बाद छोटे भाई के साथ रह रहा था। मकान के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

आरोपित भाई प्रियम और उसकी पत्नी रानी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में कार्रवाई की गई है। नाबालिग बेटी के खिलाफ फिलहाल कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपित भाई और उसकी पत्नी को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है।

प्राथमिक स्कूल तक पहुंचा था खोजी स्वान

हत्या की सूचना पर सोमवार सुबह डीसीपी दक्षिण और एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम के साथ खोजी स्वान भी पहुंचा था। वह घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर स्थित प्राथमिक स्कूल तक पहुंचा और उसके आसपास घूमने लगा। इस पर पुलिस को आरोपित के स्कूल में छिपे होने की आशंका हुई तो पूरे परिसर को खंगाल डाला। हालांकि वह नहीं मिला। इसके बाद आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

यूपी-112 पहुंची, दरवाजा नहीं खुला तो लौट गई

मुहल्ले वालों के मुताबिक, घर के बाहर आनंद के साथ मारपीट होते देखकर यूपी-112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खटखटाने के साथ आवाज भी लगाई, लेकिन अंदर से किसी ने गेट नहीं खोला। इसके बाद पुलिसकर्मी थाने को सूचना देकर लौट गए। मुहल्ले वालों का आरोप है कि यदि पुलिस उस वक्त सक्रियता दिखाती और घर के अंदर जाकर आनंद की स्थिति जानने का प्रयास करती तो शायद उसकी जान बच सकती थी। मारपीट की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के लौट जाने को लेकर लोगों में नाराजगी है।

यह भी पढ़ें- दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, कच्चे मकान की छत ढहने से दादी, बहू और 21 दिन के मासूम की मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।