कानपुर में बैंड, बाजा, बराती सावधान! साउंड की तेज आवाज से पुलिस की एंट्री, 20 बैंड व गेस्ट हाउस संचालक पर केस
कानपुर में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। रावतपुर ...और पढ़ें

HighLights
बोर्ड परीक्षाओं के कारण तेज संगीत पर कार्रवाई।
रावतपुर में तीन बैंड संचालकों पर मुकदमा दर्ज।
कानपुर में 20 से अधिक पर हुई एफआईआर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। इधर, शादी मे बरातियों की फरमाइश में बैंड बाजा की तेज आवाज परीक्षार्थियों के लिए मुसीबत बन गई है। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। सोमवार रात को तीन बैंड संचालाकों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
रावतपुर में बोर्ड परीक्षा के बीच रविवार देर रात तेज ध्वनि में म्यूजिक सिस्टम बजाने में पुलिस ने तीन ट्राली बैंड संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं मना करने के बावजूद तीनों के म्यूजिक सिस्टम बंद नहीं हुए।
रावतपुर के उप निरीक्षक रोहित कुमार ने बताया कि रविवार रात वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। तभी सूचना मिली कि केशवपुरम स्थित रिचा गेस्ट हाउस के बाहर तीन बैंड संचालक तेज आवाज में गाने बजा रहे हैं जिससे बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों तथा आसपास के बुजुर्गों को दिक्कत हो रही है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
आरके ग्रैंड, मानसा गैलेक्सी और रिचा गेस्ट हाउस के बाहर सड़क पर मिलन बैंड ट्राली, सम्राट बैंड ट्राली और करन बैंड सागर लाइट के म्यूजिक सिस्टम संचालक तेज ध्वनि में गाने बजाते मिले। पुलिस ने सभी को आदेश की बात समझाते हुए गाने बंद करने को कहा लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। जिसके बाद उप निरीक्षक रोहित कुमार की तहरीर पर तीनों बैंड संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रावतपुर इंस्पेक्टर कमलेश राय ने बताया कि तीन बैंड संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है।
यहां पर भी दर्ज किए गए केस
- रात 10 बजे के बाद कहीं भी तेज आवाज में संगीत बजने की शिकायत व गश्त के दौरान मिलने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसको लेकर शुक्रवार को बिठूर, सचेंडी, चेकरी, काकादेव, गुजैनी समेत थानाक्षेत्रों के सात गेस्ट हाउस व दो म्यूजिक सिस्टम चालकों पर मुकदमे हुए थे।
- शनिवार को आठ मुकदमे लिखे गए। रात में चले अभियान में भी पुलिस को काकादेव, फजलगंज, नवाबगंज, बजरिया व रायपुरवा क्षेत्र के गेस्ट हाउस में तेज आवाज में संगीत बजने पर संचालकों पर मुकदमे दर्ज किए गए। इसी तरह से गोविंदनगर थानाक्षेत्र के रेलवे कालोनी चौकी प्रभारी शशेंद्र बहादुर सिंह ने रामआसरे नगर के डीजे संचालक सूरज कुमार के खिलाफ मुकदमा कराया है।
- चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपित समयसीमा के बावजूद निरंकारी चौराहा स्थित संगम गैलेक्सी के पास म्यूजिक सिस्टम बजा रहा था। आरोपित के खिलाफ लोक सेवक के आदेश की अवहेलना, सार्वजनिक उपद्रव की धारा में कार्रवाई की गई है।
- वहीं, कैंट थानाक्षेत्र की गंगाघाट चौकी प्रभारी सन्नो वर्मा को गश्त के दौरान मैथोडिस्ट स्कूल के पास रात साढ़े 11 बजे तेज आवाज में म्यूजिक सिस्टम बजते मिला। इस पर संचालक अभिषेक के खिलाफ मुकदमा कराया गया। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान जारी रहेगा।
