Kanpur Sports News Today in Hindi: कानपुर से आज के खेल समाचार, अंडर-15 महिला क्रिकेट में उप्र ने असम को हराया
Latest Kanpur Sports News 10 January Today in Hindi: कानपुर में 10 जनवरी को खेल जगत की कई खबरें सामने ...और पढ़ें

HighLights
अंडर-15 क्रिकेट में यूपी ने असम को आठ विकेट से हराया
आयुषी सेंगर सीएसजेएमयू महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनीं
केएसपीएल में पैंथर्स और सीएसके एकादश ने मैच जीते
जागरण संवाददाता, कानपुर। Latest Kanpur Sports News 10 January Today in Hindi: कानपुर में आज 10 जनवरी को खेल जगत से जुड़ी खबरें। अंडर-15 एकदिवसीय क्रिकेट ट्राफी में खेले गए लीग चरण के आखिरी मुकाबले में उप्र ने जीत दर्ज की। वहीं, 11 जनवरी से रोहतक में शुरू हो रही अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए आयुषी को सीएसजेएमयू क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया। इसके अलावा कानपुर सुपर प्रीमियर लीग पैंथर्स एकादश और सीएसके एकादश ने जीत दर्ज की।
अंडर-15 महिला क्रिकेट में उप्र ने असम को हराया
बीसीसीआइ की अंडर-15 एकदिवसीय क्रिकेट ट्राफी में खेले गए लीग चरण के आखिरी मुकाबले में उप्र ने असम को आठ विकेट से हराया। एलीट ग्रुप डी में उप्र ने पांच मैच में दो जीत और तीन हार के साथ आठ अंक हासिल किए। हालांकि एकदिवसीय ट्राफी की दौड़ से उप्र की टीम बाहर हो गई है। ग्रुप में कर्नाटक 20, राजस्थान 16 और दिल्ली 12 अंक लेकर शीर्ष तीन स्थान पर काबिज रहे।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी की
कोलकाता में खेले गए मुकाबले में असम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में आठ विकेट पर 137 रन बनाए। गेंदबाजी में उप्र की सुप्रिया ने चार, कल्पना ने दो विकेट झटके। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए उप्र की टीम ने 29.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। उप्र की कप्तान याशिका ने नाबाद 65 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
कप्तान आयुषी सेंगर। केसीए
इधर, क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए सीएसजेएमयू की कप्तान बनीं आयुषी
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) महिला क्रिकेट टीम का कप्तान आयुषी सेंगर को बनाया गया है। आयुषी की अगुवाई में सीएसजेएमयू की टीम 11 जनवरी को रोहतक के एमडीयू विश्वविद्यालय में होने वाले मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच डा. विपेंद्र सिंह परमार ने बताया कि उत्तर क्षेत्र अंतर विश्व विद्यालय महिला क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए सीएसजेएमयू की टीम का चयन वीएसएसडी कालेज में संपन्न हुए कैंप में प्रदर्शन के आधार पर की गई।
ये है पूरी टीम
टीम में कप्तान आयुषी सेंगर के साथ माही राजपूत, वर्षा शर्मा, अपूर्वा सिंह, सिम्पी थापा, तनिष्का गर्ग, अवनी सेठ, सिद्धी मिश्रा, कीर्तिका हजारिया, एंजलीना वर्मा, पलक पालीवाल, दीक्षा सैनी, रितिका यादव, कविता डांगी, अवंतिका दुबे और वर्षा का चयन टीम में हुआ। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव कौशल कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय की टीम चयनित खिलाड़ी केसीए की महिला टैलेंट लीग की खोज हैं। जो केसीए के मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय की टीम से खेलेंगी। चयनित हुई सभी महिला खिलाड़ी उत्तर क्षेत्र अंतर विश्व विद्यालय महिला क्रिकेट चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन कर उप्र की महिला टीम में चयन का दावा पेश करेंगी।
वहीं, केएसपीएल में पैंथर्स एकादश एकादश ने दर्ज की जीत
कानपुर सुपर प्रीमियर लीग (केएसपीएल) में शनिवार को खेले गए मुकाबलों में पैंथर्स एकादश और सीएसके एकादश ने जीत दर्ज की। राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान में खेले गए मुकाबले में यूडी एकादश ने 23 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 148 रन बना सकी। जवाब में कानपुर पैंथर्स एकादश ने 15.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 103 रन ही बना सकी। मैच में तीन विकेट लेने वाले कासिफ पठान को मैन आफ द मैच चुना गया।
इधर, सीएसके की हुई जीत
लीग के दूसरे मुकाबले में वारियर्स एकादश ने 23.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए। जवाब में कप्तान एकादश ने लक्ष्य को एक विकेट के नुकसान पर 132 रन बनाकर जीत दर्ज की। मुकाबले में 54 रन की अर्धशतकीय पारी और तीन विकेट लेने वाले शुभम कुमार को मैन आफ द मैच चुना गया। वहीं, लीग के तीसरे मुकाबले में द लीजेंड्स एकादश ने 17.3 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाए। जवाब में सीएसके एकादश ने लक्ष्य को चार 11वें ओवर में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
कोच बने आलोक गुप्ता। एसोसिएशन
राष्ट्रीय विद्यालय खेल के कोच बने आलोक गुप्ता
स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया की ओर से आयोजित होने वाले 69वें राष्ट्रीय विद्यालय खेल में शहर के आलोक गुप्ता को कोच बनाया गया है। काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन्स की शतरंज टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए डा. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के खेल प्रशिक्षक को चुना गया है। कानपुर शतरंज संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 13 से 17 जनवरी तक रांची के बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित की जाएगी।
नेशनल पावर लिफ्टिंग के लिए आज चुनी जाएगी उप्र की टीम
सुब्रतो नेशनल पावर लिफ्टिंग एवं नेशनल डेडलिफ्ट चैंपियनशिप के लिए उप्र की टीम का चयन रविवार को ट्रायल के आधार पर किया जाएगा। उप्र टीम के लिए होने वाले ट्रायल में सब जूनियर से मास्टर्स वर्ग में पुरुष और महिला वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न भार वर्ग में हिस्सा लेंगे और ट्रायल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर टीम में चयन की दावेदारी पेश करेंगे। उप्र पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के सचिव राहुल कुमार शुक्ल ने बताया कि नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 17 से 21 जनवरी तक हरिद्वार में आयोजित होगी। चैंपियनशिप में हर राज्य की टीम के बीच प्रदेश की टीम का चयन जवाहर नगर स्थित पावर हब जिम में होगा। चयन ट्रायल सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें सबजूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर्स (पुरुष एवं महिला) वर्ग में 600 से ज्यादा खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। ट्रायल में खिलाड़ियों का प्रदर्शन ही उनकी टीम में चयन का आधार बनेगा। ट्रायल का हिस्सा बनने के लिए खिलाड़ी एसोसिएशन के मनीष मिश्रा और अनिल कुशवाहा से संपर्क कर सकते हैं।
