विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Latest Breaking News: एक क्लिक में पढ़ें Kanpur की 22 फरवरी 2026, रविवार की अहम खबरें

Published: Sun, 22 Feb 2026 02:01 PM (IST)

Latest Breaking News Kanpur: कानपुर में 22 फरवरी 2026 की ताजा और ब्रेकिंग खबरों की हर अपडेट सबसे पहले, सटीक और विश्वसनीय जानकारी के लिए यहां लगातार पढ़ते रहें।

News Article Hero Image

HighLights

  1. घाटमपुर में छुट्टी पर आए वायुसेना जवान के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की

  2. जाजपुर चौकी क्षेत्र के राहा गांव में एक युवक को तमंचा के साथ गिरफ्तार

  3. रावतपुर के केशवपुरम में रिक्शाचालक ने आत्महत्या कर ली

डिजिटल डेस्क, कानपुर। Kanpur Latest Breaking News In Hindi: आज की ताजा खबरें 22 फरवरी 2026 ब्रेकिंग। यहां पढ़ें रविवार की कानपुर की ताजा खबरें, अपराध, खेल, शिक्षा, धर्म की लाइव अपडेशन। पुलिस पर मारपीट का आरोप लगा है। वायुसेना जवान ने आरोप लगाया कि जहानाबाद रोड पर पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। इधर, रावतपुर के केशवपुरम में ई रिक्शा चालक ने आत्महत्या कर ली। जाजपुर चौकी क्षेत्र के राहा गांव में एक युवक को तमंचा के साथ गिरफ्तार किया गया। पढ़ें और भी खबरें...।

आनंदेश्वर महादेव मंदिर में महाप्रसादी भंडारा

परमट स्थित आनंदेश्वर महादेव मंदिर में रविवार को महाप्रसादी भंडारा हुआ। शहर समेत आसपास के हजारों भक्तों ने बाबा के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि की कामना के साथ पूजन किया। इसके बाद महाप्रसादी ग्रहण किया। बाबा आनंदेश्वर मंदिर में सुबह आठ बजे से भंडारा शुरू हुआ तो प्रसाद पाने के लिए भक्तों की लाइन लग गई। जूना अखाड़ा मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि महाशिवरात्रि के बाद हर वर्ष महाप्रसादी भंडारा होता है। जूना अखाड़ा के संरक्षक हरि गिरि ने सभी गुरु मूर्ति भंडारे की व्यवस्था में लगाए थे। सुबह से शुरू भंडारा रात तक चलता रहा।

बिठूर में गाजे बाजे के साथ निकली कलश यात्रा, हुआ पोथी पूजन

बिठूर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ रविवार को कलश यात्रा और पोथी पूजन के साथ संपन्न हुआ। यात्रा चुंगी चौराहे से निकल ब्रह्मावर्त घाट होते हुए श्री मात्र छाया गुरुकुलम स्थित कथा स्थल पहुंचकर संपन्न हुई। गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में 100 बटुक भी शामिल हुए ब्रह्मावर्त घाट पर वेद मंत्रोच्चार के बीच कथा पोथी का पूजन-अर्चन रोहित मिश्रा और शिल्पी मिश्रा ने किया। कथा व्यास आचार्य रवि शंकर किंकर कथा का रसपान कराएंगे। 25 फरवरी को श्री बांके बिहारी जी की प्राण प्रतिष्ठा होंगी तथा एक मार्च को यज्ञोपवीत संस्कार, प्रसाद वितरण के साथ समापन होगा। आयोजन श्री मात्र छाया गुरुकुलम के सहयोग से किया जा रहा है।

ताइक्वांडो में प्रणव ने जीता कांस्य पदक

इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप काठमांडू में शहर के टीएफसी फिटनेस क्लब के खिलाड़ी प्रणव ओझा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। 16 से 20 फरवरी तक हुई चैंपियनशिप में देश-विदेश के 200 से ज्यादा खिलाड़ियों के बीच प्रणव ने अंडर-30 आयुवर्ग की पूमसे स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल कर पदक झटका। कोच करुणेंद्र वर्मा के शिष्य ने प्रतियोगिता में खेले गए हर राउंड में खुद को साबित किया। अंतरराष्ट्रीय फलक पर ताइक्वांडो का पदक जीतने वाले प्रणव को क्लब और ताइक्वांडो अकादमी के पदाधिकारियों ने बधाई दी।

सचेंडी में शादी समारोह के दौरान मारपीट, दो घायल,मुकदमा

सचेंडी में एक शादी समारोह के दौरान म्यूजिक सिस्टम पर नाचने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की कुछ लोगों ने लात घूंसे और बेल्ट से पिटाई कर दी ।सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। बिठूर के सिंहपुर निवासी दीपू कुशवाहा और आयुष बीते 19 फरवरी की रात एक शादी में शामिल होने भौंती के छीतेपुर स्थित आस्था पार्टी लान गए थे। आरोप है कि देर रात गोलू हलवाई, मुकेश, चिरकू, किशन, छोटू,अंशू और दीपक ने म्यूजिक सिस्टम पर डांस करने को लेकर गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध पर आरोपितों ने लात-घूंसे और बेल्ट से पिटाई कर दी।मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर उन्हें बचाया। जिसके बाद दोनों घायलों को एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि मुकदमा दर्ज है,जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कानपुर में परीक्षा में दबाव में आकर इंटरमीडिएट की छात्रा ने फंदा दी जान

मूलरूप से इटावा के बकेवर निवासी सुनील कुमार सिंह एचबीटीयू में मैकेनिक हैं और पत्नी नेमा, बेटी 17 वर्षीय प्रकृति सिंह व बेटे अविरल के साथ उसी कैंपस में रहते हैं। प्रकृति मंधना स्थित एनएलके एकेडमी में सीबीएसई से इंटर कर रही थी। पिता ने बताया कि बेटी की परीक्षा चल रही। पहली परीक्षा एजुकेशन की थी। उसने बताया था कि परीक्षा अच्छी हुई। अगली परीक्षा एकाउंटेंसी की 24 फरवरी को थी, जिससे वह घबरा रही थी। उसे समझाया भी था। रात एक बजे तक वह पढ़ते दिखी थी। रविवार सुबह सात बजे वह दूध लाने के लिए उठे थे। बाहर निकलने के लिए बेटी के कमरे से होकर जाना था, लेकिन दरवाजा बंद था। कई आवाज लगाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दरवाजे पर धक्का दिया। खुलने पर सामने फंदे से बेटी का शव लटका मिला। पिता ने बताया कि वह बेटी को समझाते थे कि परीक्षा के दबाव में न आना लेकिन वह फिर भी परेशान हो जाती और ज्यादा पढ़ने लगती थी।

घाटमपुर में वायुसेना जवान से पुलिस ने की मारपीट, डीसीपी से शिकायत

नगर के जहानाबाद रोड पर बीती 19 फरवरी की रात को वायुसेना जवान के साथ पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगा है। जवान छुट्टी पर घर आया था और रात में एक शादी से लौट रहा था। डीसीपी साउथ ने एडीसीपी को जांच सौंपी है। वहीं, कस्बा चौकी पुलिस ने मारपीट के आरोपों से नकारा है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ करने पर जवान ने गाली-गलौज की, जिसके बाद उसके खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई।

तमंचा के साथ एक गिरफ्तार, गया जेल

जाजपुर चौकी क्षेत्र के राहा गांव में एक युवक को तमंचा के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि राहा गांव में झगड़े की सूचना पर जाजपुर चौकी प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे थे। यहां पर गांव का 24 वर्षीय बबलू यादव पुत्र नंदकिशोर गांव के ही शशिकांत संखवार पुत्र रामसनेही के घर पर विवाद कर रहा था। मौके से बबलू यादव को पकड़ा दया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा (315 बोर) और कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपित को जेल भेजा गया है।

ई रिक्शा चालक समेत दो ने फंदा लगाकर दी जान

रावतपुर के केशवपुरम निवासी 25 वर्षीय मनीष दुबे उर्फ गणेश ई रिक्शा चालक थे। उनकी मां नीलम घरों में चौका बर्तन करती हैं। उन्होंने बताया शनिवार दोपहर वह काम पर गई थीं। बेटा घर था। उसने फोन कर जल्दी आने व खाना खाने के लिए कहा था। जब वह घर पहुंचीं तो बेटे का शव फंदे से लटका मिला। वहीं, हनुमंत विहार के संजय गांधी नगर निवासी 25 वर्षीय आर्यन यादव दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करते थे। यहां उनकी मां कुष्मादेवी रहती हैं। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। बहनोई अखिलेश सिंह ने बताया कि आर्यन 15 दिन पहले दिल्ली से घर आया था। शुक्रवार शाम उसने घर की पहली मंजिल पर फंदा लगा जान दे दी। स्वजन आत्महत्या करने के कारण नहीं बता सके। पुलिस जांच कर रही है।

Orai में ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबकर चालक की मौत, हत्या का आरोप

शनिवार की रात ट्रैक्टर ट्राली लेकर ग्राम शहजादपुरा मिट्टी भरने गए चालक की ट्राली के नीचे दबकर राजेश निवासी नया पटेल नगर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे भतीजे ने मौके पर देखा तो ट्रैक्टर स्टार्ट मिला और चालक ट्राली के पहिया के नीचे दबा रहा। पुलिस ने रात में मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्वजन ने ट्रैक्टर मालिक व मिट्टी खनन माफिया पर काम न करने के कारण जबरदस्ती मारपीट करते हुए ट्रैक्टर ट्राली चढ़ाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। जालौन कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Kalpi में लोडर की टक्कर से बाइक सवार एक की मौत, दो घायल

रविवार की दोपहर 1 बजे के लगभग ग्राम हीरापुर निवासी तीन युवक बाइक से बगैर हेलमेट लगाए कालपी आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक अमलतास चौराहे के पास पहुंची तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार लोडर ने टक्कर मार दी। जिससे तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा जहां पर डाक्टरों ने 17 वर्षीय नीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि संदीप व लेखराज घायल हैं।

Mahoba में छह माह की गर्भवती की हालत बिगड़ने से मौत

शहर के मुहल्ला बाजापुरा निवासी 25 वर्षीय पूजा रैकवार पत्नी प्रमोद रैकवार की शनिवार की देर रात हालत बिगड़ गई। स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। लेकिन यहां परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। स्वजन के मुताबिक वह छह माह के गर्भ से थी। उसे तीन दिनों से बुखार और हाफी की शिकायत थी। उन्होंने किसी तरह के कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की है। घटना से स्वजन बदहवास हैं।

Etawah में टेंपो पलटने से छह महिलाएं घायल, शादी समारोह से पूरी बेलकर लौट रही थीं

सरायचौरी–भरथना मार्ग पर ग्राम नगला अजय के समीप शनिवार देर रात एक बजे शादी समारोह से पूरी बेलकर लौट रही महिलाओं से भरा टेंपो पलट जाने से छह महिलाएं घायल हो गईं। कस्बा भरथना के मुहल्ला अंबेडकर नगर निवासी सुकुमारी, विमला, सुदामा, शीला देवी, पूर्ति देवी व सूरजमुखी सहित अन्य महिलाएं अछल्दा क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह में पूरी बेलने का कार्य कर देर रात टेंपो से वापस भरथना लौट रही थीं। जैसे ही उनका टेंपो नगला अजय के समीप पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा तथा पलट गया। जिसमें महिलाएं घायल हो गई।