कानपुर से बेंगलुरु के लिए चलेगी विशेष ट्रेन, दीपावली और छठ त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी राहत
कानपुर से बेंगलुरु के लिए दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए एक विशेष ट्रेन (04131/04132) चलाई जाएगी।

HighLights
कानपुर-बेंगलुरु के बीच चलेगी विशेष त्योहार ट्रेन।
दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ पर भीड़ से मिलेगी राहत।
उत्सर्ग एक्सप्रेस के समय में भी हुआ बदलाव।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दुर्गा पूजा, दीपावली व छठ के दौरान ट्रेनों में होने वाली भारी भीड़ से यात्रियों को राहत मिलेगी। औद्योगिक नगरी कानपुर से बेंगलुरु तक सीधा रेल संपर्क होगा।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के सीपीआरओ डा. शिवम वर्मा ने स्पेशल ट्रेन 04131/04132 चलाई जाएगी। यह ट्रेन कानपुर से चार अक्टूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक रविवार व बेंगलुरु से सात अक्टूबर से 18 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी।
उत्सर्ग एक्सप्रेस के समय में बदलाव
रेलवे ने फर्रुखाबाद-छपरा उत्सर्ग एक्सप्रेस (15084) के कई स्टेशनों पर ठहराव के समय में बदलाव किया है। अनवरगंज स्टेशन पर अब यह ट्रेन शाम 5:21 बजे, सेंट्रल स्टेशन पर 5:40 बजे और उन्नाव स्टेशन पर 6:25 बजे आएगी।
कई स्पेशल ट्रेनों के बढ़ाए गए फेरे
उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने पूजा एवं त्योहारी सीजन के दौरान रेल यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए कई प्रमुख स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके तहत बरौनी, दरभंगा, ग्वालियर, हुब्बली और यशवंतपुर रूटों पर चलने वाली विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डा. शिवम शर्मा ने बताया कि ट्रेन नंबर 02563 बरौनी से नई दिल्ली एक्सप्रेस चार सितंबर से 30 नवंबर तक 88 फेरे लेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 02564 नई दिल्ली-बरौनी एक्सप्रेस पांच सितंबर से एक दिसंबर तक 88 फेरे लेगी।
वहीं ट्रेन नंबर 02569 दरभंगा-नई दिल्ली एक्सप्रेस चार सितंबर से 30 नवंबर तक 88 फेरे लेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 02570 भी पांच सितंबर से एक दिसंबर तक इतने ही फेरे लेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 04137 ग्वालियर-बरौनी मेल 29 सितंबर से 28 नवंबर तक व ट्रेन नंबर 04138 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस 30 सितंबर से 29 नवंबर तक 18 फेरे लेगी।
