कानपुर के युवक को रूस में बंधक बनाने का मामला: दोस्त रोमी पर मुकदमा दर्ज, 8 फरवरी तक वापस लाने का करार
पनकी के सोहन को रूस में बंधक बनाकर 4000 डॉलर फिरौती मांगने के मामले में उसके दोस्त रोमी पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस पूछताछ के बाद रोमी ने सोहन को 8 फरवरी तक रूस से वापस लाने का लिखित समझौता किया है।

रूस में बंधक पनकी के रोहन की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
पनकी के सोहन को रूस में बंधक बनाया गया।
दोस्त रोमी पर 4000 डॉलर फिरौती मांगने का आरोप।
रोमी 8 फरवरी तक सोहन को वापस लाएगा।
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर। पनकी के रोहन को रूस में बंधक बनाकर चार हजार डालर फिरौती मांगने के मामले में अच्छी नौकरी दिलवाने का झांसा देकर रूस भिजवाने वाले दोस्त के खिलाफ भाई रामजीत ने मुकदमा दर्ज कराया है। पनकी थाने की पुलिस ने आरोपित को उठाकर करीब छह घंटे पूछताछ की। उसने पीड़ित के स्वजन से लिखित में समझौता किया कि वह खुद दोस्त को तलाशने रूस जाएगा और आठ फरवरी तक वहां से वापस लाने का वादा किया।
रतनपुर निवासी सोहन 11 अक्टूबर को रूस रवाना हुआ था 15 अक्टूबर को लखनऊ, दिल्ली मास्को होते हुए यूनला पहुंचा। बहन खुशबू पाल ने बताया कि चार नवंबर तक परिवार से बातचीत होती रही, फिर संपर्क टूट गया। उसने वीडियो काल कर अपना कमरा दिखाने के साथ ही परिवार के लिए दोस्त रोमी के खाते में 46 हजार रुपये भेजे। बहन ने गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो डालकर रोमी समेत तीन लोगों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने नौकरी का झांसा देकर सोहन को रूस भेजा।
रोमी के बताए टेलीग्राम अकाउंट सातोशी नाकामोशी से उसके एक दोस्त ने संपर्क किया तो वहां से सोहन को छोड़ने के बदले चार हजार डालर मांगे। न देने पर उसे रूस-यूक्रेन युद्ध में भेजने व सिर काटने की धमकी दी गई। बहन ने चौकी, थाने और जिलाधिकारी से सोहन को खोजने की गुहार लगाई थी। मामला चर्चा में आया तो पुलिस ने शुक्रवार तड़के रोमी को हिरासत में लिया। स्वजन ने सोहन की तलाश को प्राथमिकता देते हुए रोमी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई न करने और उसे रूस भेजकर सोहन का पता लगाने की बात कही।
सोहन का टूरिस्ट वीजा चार फरवरी 2027 तक बढ़ा है। रोमी आठ फरवरी तक उसे खोजकर स्वजन को सौंपेगा। यदि रूसी दूतावास से पता चला कि सोहन किसी अपराध में जेल में है, तो रोमी उसके दस्तावेज स्वजन को देगा और इसके लिए खुद को जिम्मेदार नहीं मानेगा। डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की गई है लेकिन उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है उसने युवक को वापस लाने की बात कही है। दूतावास से संपर्क किया जा रहा है।
बॉस का फोन आया है बाद में बात करूंगा... कहकर काटा फोन
बहन ने बताया कि सोहन रोज ड्यूटी जाने से पहले, दोपहर में और काम खत्म होने के बाद फोन करता था। चार नवंबर की सुबह उसने भाई दूज पर आने का वादा किया था। फिर कहा कि रोमी का फोन आ रहा है, उससे बात करके फोन करता हूं। इसके बाद मां हंसमुखी पाल से उसकी आखिरी बातचीत हुई। उसने कहा था कि बास का फोन आया है, जल्दी जाना है, बाद में बात करूंगा। तब से संपर्क नहीं हुआ।
खुशबू ने कहा कि उसे भाई की वापसी की उम्मीद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से है। 11 फरवरी को भाई रामजीत की शादी है और परिवार को सोहन से बहुत उम्मीदें हैं। सोहन की याद में मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। खुशबू अधिकारियों से गुहार लगाने के साथ इंटरनेट मीडिया पर वीडियो साझा कर रही है और लोगों से उसे ज्यादा से ज्यादा लोगों से शेयर करने की अपील की है। ताकि उसकी बात प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचे। मां हंसमुखी पाल का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने शुक्रवार को केवल दो निवाले खाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।