रूस में नौकरी के नाम पर कानपुर के युवक से धोखा, 4000 डॉलर की फिरौती; ना देने पर सिर काटने की धमकी
कानपुर के एक युवक को रूस में नौकरी का झांसा देकर भेजा गया, जहां उसका संपर्क टूट गया।

सोहन पाल की मां हंशमुखी और बहन खुशबू। जागरण
HighLights
कानपुर युवक को रूस में नौकरी का झांसा दिया गया।
संपर्क टूटने पर 4000 डॉलर की फिरौती मांगी गई।
फिरौती न देने पर युद्ध में भेजने की धमकी मिली।
जागरण संवाददाता, कानपुर। पनकी रतनपुर कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय युवक को रूस में अच्छे वेतन पर कार चालक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर वहां भेज दिया गया। मास्को पहुंचने के बाद वह करीब 19 दिन तक स्वजन से बातचीत करता रहा। इस दौरान उसने वीडियो काल पर अपना ठिकाना और कार भी दिखाई। फिर अचानक संपर्क टूट गया। उसे रूस भेजने वाले लोगों ने उसके बारे में जानकारी होने से इन्कार कर दिया। इसी बीच टेलीग्राम पर युवक की फोटो भेजकर उसकी सकुशल वापसी के लिए चार हजार डालर (करीब साढ़े तीन लाख रुपये) मांगे गए। रकम न देने पर उसे रूस-यूक्रेन युद्ध में भेजने और सिर काटकर घर भेजने की धमकी दी गई।
परेशान स्वजन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मदद मांगी है। सोहन पाल की बहन खुशबू पाल ने बताया कि वह मां हंशमुखी पाल और भाइयों ओमजीत, रामजीत व सोहन पाल के साथ रहती हैं। हाईस्कूल पास सोहन की पनकी में बाइक धुलाई सेंटर की दुकान थी। वहां दो इलाकाई युवक और खुद को सिपाही बताने वाला एक व्यक्ति आते थे। तीनों ने उसे रूस में कार चालक की नौकरी का झांसा दिया। सोहन ने वर्ष 2019 में पासपोर्ट बनवाया था। आरोप है कि तीनों 11 अक्टूबर को उसे लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने गए। वहां से उसकी फ्लाइट दिल्ली और फिर मास्को के लिए थी।
खुशबू के मुताबिक, मास्को पहुंचने के बाद सोहन नौकरी ज्वाइन करने 15 अक्टूबर को यूनला गया और फोन कर सकुशल पहुंचने की जानकारी दी। 15 अक्टूबर से चार नवंबर तक उससे लगातार बातचीत हुई। वह खुश नजर आता था और वीडियो काल पर अपना आवास तथा कार दिखाता था। उसने रूस भेजने वाले एक युवक के खाते में 46 हजार रुपये भी भेजे थे। उस युवक ने रकम सोहन के बड़े भाई ओमजीत के खाते में ट्रांसफर कर दी थी। सोहन ने कहा था कि वह दीपावली पर नहीं आ पाएगा, लेकिन भाई दूज पर लौटेगा। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।
परिवार ने उसे विदेश भेजने वाले युवकों और खुद को सिपाही बताने वाले व्यक्ति से संपर्क किया, लेकिन किसी ने जानकारी होने से इन्कार किया। एक आरोपित के बताए टेलीग्राम अकाउंट पर सोहन के मित्र ने संपर्क किया तो वहां से उसकी फोटो भेजी गई और चार हजार डालर मांगे गए। रकम न देने पर युद्ध में भेजने या सिर काटकर घर भेजने की धमकी दी गई।
खुशबू ने बताया कि परिवार ने पहले चौकी और थाने में शिकायत की, फिर अधिकारियों और जिलाधिकारी से गुहार लगाई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
वीजा की जानकारी कराने पर पता चला कि सोहन एक माह के टूरिस्ट वीजा पर रूस गया था, जिसकी अवधि आठ नवंबर तक थी। अब यह अवधि बढ़ाकर चार फरवरी तक कर दी गई है। परिवार को आशंका है कि वह गलत लोगों के चंगुल में है। खुशबू ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भाई की सकुशल वापसी की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।