विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में दबंगों ने 'भौकाल' दिखाने को मचाया हाहाकार, बस्ती में लगा दी आग, फायरिंग-फरसे से हमले में 4 घायल

By Udyan ShuklaEdited By: Anurag Shukla
Published: Sun, 22 Feb 2026 03:30 PM (IST)

कानपुर के मढ़ा गांव में रास्ते के विवाद को लेकर दबंगों ने बस्ती पर हमला कर दिया। उन्होंने फरसा, लाठी-डंडों ...और पढ़ें

सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ा गांव में जलती झाेपड़ी व रोता पीड़ित। जागरण

सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ा गांव में जलती झाेपड़ी व रोता पीड़ित। जागरण

HighLights

  1. रास्ते के विवाद में दबंगों ने मढ़ा गांव पर हमला किया।

  2. एक घर के छप्पर में आग लगाई, फरसा-लाठी से हमला।

  3. हमले में चार लोग घायल, विधायक ने कार्रवाई की मांग की।

संवाद सहयोगी, घाटमपुर(कानपुर)। सजेती थाना क्षेत्र के मढ़ा गांव में 'भौकाल' दिखाने को बस्ती पर हमला कर दिया गया। रास्ते को लेकर हुए विवाद के बाद रात में दबंगों ने बस्ती पर फरसा, लाठी-डंडों से हाहाकार मचाया। एक घर के छप्पर में आग लगा दी। फायरिंग करने का भी आरोप है। हमले में चार लोग घायल हुए, जिन्हें घाटमपुर सीएचसी लाया गया।

विधायक सरोज कुरील ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। उन्होंने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी को फोन करके मामले की जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी को फोन करके मामले की जांच करने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

बताया गया कि सरगांव प्रधान निधी यादव पत्नी अजीत सिंह यादव का बेटा अभय सिंह यादव शनिवार शाम भूसा लदा ट्रैक्टर-ट्राली लेकर मढ़ा गांव से होते हुए घाटमपुर जा रहा था। मढ़ा गांव में महेश संखवार के घर के बाहर उनकी मिक्सर मशीन खड़ी थी और भैंस भी बंधी थी। वहीं, आगे सरकारी कोटा पर अनाज लदा ट्रक खड़ा था। रास्ते को लेकर अभय सिंह यादव का महेश की पत्नी भाग्यवती से झगड़ा होने लगा।

मामले में मारपीट हुई तो भाग्यवती के बेटे कुलदीप, शिवम और संदीप भी आ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मारपीट में घायल अभय को लेकर पुलिस घाटमपुर सीएचसी ले गई। मामले में उसकी तरफ से तहरीर दी गई। इसके बाद रात लगभग साढ़े आठ बजे चार कारों से 15-16 लोगों ने मढ़ा में धावा बोल दिया।

महेश संखवार के घर पर छप्पर में आग लगा दी। बेटे शिवम, भाग्यवती व कुलदीप को भी पीटा। कुछ ही देर में फूलचंद्र के 20 वर्षीय बेटे गोलू, 55 वर्षीय ज्ञानेंद्र पहुंचे तो उनसे भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी की गई। उत्पात मचाने के बाद आरोपित भाग गए। इसके बाद घाटमपुर सर्किल का फोर्स पहुंचा। घायलों को सीएचसी भेजा गया। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपितों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

दबंगई के फोटो वीडियो करते पोस्ट

बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे, जिसको पाया उसे पीटा और छप्पर में आग लगा दी। आरोप यह भी है कि फायरिंग भी की गई। बताया जाता है कि क्षेत्र में युवाओं के कई समूह हैं, जो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर खुद का 'भौकाल' दिखाने के लिए फोटो वीडियो पोस्ट करते हैं। यह हमला भी इसी को साबित करने के लिए किया गया है।

सजेती क्षेत्र में युवाओं में खुद को डान दिखाने की होड़

इंटरनेट मीडिया साइट्स इंस्टाग्राम इन युवाओं के ऐसे फोटो और वीडियो से भरी पड़ीं है। बड़े समूहों में पार्टी करना, सिगरेट के छल्ले उड़ाना, बाइकों पर सवार होकर निकलना और फिर उनमें ऐसे गानों को लगाना जो अपराध को महिमामंडित करते हों यह आम है। इंस्टाग्राम पर कोई अपने नाम के आगे खुद को सजेती का किंग लिखता है तो बीबीपुर का किंग। इन कोई खुद को मुसीबत बताता है तो कातिल। ग्रामीण भी बताते हैं कि युवाओं का झुंड बाइकों में घूमता है। एक बाइक पर तीन-तीन लोग होते हैं। जरा सी बात को लेकर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। मढ़ा गांव की घटना इसी का परिणाम रही। बताया गया कि आरोपित मढ़ा पहुंचने से पहले एक जगह एकत्रित हुए और फिर वहां से एक साथ निकले। इसके बाद घटना को अंजाम दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ऐसे अराजक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करे।