विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में जीटी रोड पर छात्रों के प्रदर्शन से लगा भीषण जाम, शहर में ध्वस्त हुई यातायात व्यवस्था

Published: Wed, 28 Oct 2026 09:33 PM (IST)

कानपुर में जीटी रोड पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के छात्रों के प्रदर्शन के कारण भीषण जाम लग गया, ...और पढ़ें

सीएसजेएमयू के मुख्य द्वार पर छात्रों के प्रदर्शन के कारण जीटी रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन। जागरण

सीएसजेएमयू के मुख्य द्वार पर छात्रों के प्रदर्शन के कारण जीटी रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन। जागरण

HighLights

  1. जीटी रोड पर छात्र प्रदर्शन से भीषण जाम

  2. हजारों वाहन घंटों फंसे, एंबुलेंस को दिक्कत

  3. यातायात पुलिस ने 1939 वाहनों पर की कार्रवाई

जागरण संवाददाता, कानपुर। बुधवार को भी शहर के लगभग सभी हिस्सों में यातायात व्यवस्था ध्वस्त रही। दोपहर 12 बजे के दौरान जीटी रोड पर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के छात्रों के प्रदर्शन की वजह से भीषण जाम लग गया, जो लगभग पूरे दिन चलता रहा। इसमें हजारों वाहन घंटों फंसे रहे। कई एंबुलेंस तक को रास्तो नहीं मिल पाया। मार्ग की दोनों लेन जाम होने से बाइक सवार तक को निकल पाना मुश्किल हो गया। वहीं, दूसरी ओर शहर में विभिन्न चौराहा-तिराहा पर वाहनों का जाम रहा।


विश्वविद्यालय के बाहर छात्रों के प्रदर्शन से पूरे दिन यातायात प्रभावित रहा। वहीं, चुन्नीगंज से रावतपुर तक भी इतना जाम रहा कि 15 से 20 मिनट की दूरी को तय करने में 40 से 60 मिनट तक लगे। चुन्नीगंज से कल्याणपुर की ओर जा रहे अजय राजपूत ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बिजली घर गए थे, जहां से लौटने पर बकरमंडी से रावतपुर रेलवे क्रासिंग तक आने में 40 मिनट लग गए। मोती झील से गोल चौराहे तक पहुंचने में ही 20 मिनट लगे। यही हाल लगभग पूरे शहर का है।

दोपहर 3:30 बजे के दौरान जेके मंदिर से फजलगंज चौराहे तक भीषण जाम लगा रहा। वाहन रेंगते नजर आए। यही स्थिति जीटी रोड पर गुमटी नंबर पांच से लेकर जरीब चौकी और अफीम कोठी तक वाहनों की रही। यहां बाइक सवारों तक को निकल पाना मुश्किल हो रहा था। झकरकटी का जाम तो आम हो चुका है, यहां तक सुबह से लेकर देर रात तक अनियमित यातायात है।

ऐसे ही रामादेवी और नौबस्ता में भी बुधवार को भीषण जाम रहा है। शाम को बड़े चौराहे पर जाम की समस्या और अधिक गहरा गई। यहां व्यापारियों ने कहा कि त्योहार के दिनों में जाम की समस्या और गहराती जा रही है, लेकिन यातायात पुलिस की कोई ठोस पहल दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है।

1939 वाहनों पर हुई कार्रवाई

डीसीपी ट्रैफिक अभयनाथ त्रिपाठी ने बताया कि यतायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध बुधवार को भी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 1939 वाहनों पर कार्रवाई हुई है। इसमें हाईवे पर ओवरस्पीड में 278 वाहनों का चालान हुआ है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 13 वाहनों का चालान ओवरस्पीड पर किया गया। गंगा बैराज पर 55 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। ऐसे ही शहर के आंतरिक मार्गों पर यातायात उल्लंघन करने वाले 1661 वाहनों पर कार्रवाई की गई है। इसमें उलटी दिशा में सफर करते मिले 261 वाहनों का चालान हुआ है।

यह भी पढ़ें- अंग्रेजो के जमाने का 122 साल पुराने मुकदमों का AI खोलेगा राज, नर्वल थाने में आज भी सुरक्षित हैं 1904 के दस्तावेज

यह भी पढ़ें- कानपुर नगर निगम कार्यकारिणी बैठक शुरू होने से पहले ही हंगामा, महापौर लेकर पहुंची अधिवक्ता, नगर आयुक्त ने छोड़ी बैठक