कानपुर में ट्रैफिक जाम को लेकर DCP का प्लान, तलाश चोक प्वाइंट्स, अब इन जगहों से हटेगा अतिक्रमण
कानपुर में यातायात पुलिस ने ट्रैफिक जाम कम करने के लिए काम शुरू कर दिया है। डीसीपी रवींद्र कुमार ने ...और पढ़ें

दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को सड़क से दूर हटने की हिदायत देते डीसीपी रवींद्र कुमार। जागरण
HighLights
डीसीपी रवींद्र कुमार ने कानपुर में ट्रैफिक जाम का निरीक्षण किया
कल्याणपुर क्रासिंग, पनकी रोड जैसे चोक प्वाइंट्स की पहचान की गई
अवैध अतिक्रमण हटाकर यातायात को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए
जागरण संवाददाता, कानपुर। ट्रैफिक जाम कम करने को लेकर यातायात पुलिस ने काम शुरू कर दिया है। शनिवार को पुलिस उपायुक्त यातायात (डीसीपी) रवींद्र कुमार ने कल्याणपुर क्रासिंग, पनकी रोड, पुरानी शिवली रोड, इंद्रा नगर कट व बिठूर तिराहा कट पर पहुंचकर ट्रैफिक की स्थिति जांची। यहां उन्होंने चोक प्वाइंट्स (यातायात जाम वाले बिंदुओं) भी तलाशे। सड़क किनारे अवैध अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया। साथ ही स्थानीय लोगों को दोबारा सड़क पर अतिक्रमण न करने को चेताया।
निरीक्षण के बाद डीसीपी ने बताया कि यातायात को सुगम बनाने के लिए उन्होंने ट्रैफिक जाम कम करने की योजना (आरटीसी) बनाई है। इसी क्रम में जोन ट्रैफिक इंस्पेटक्टर, रूट मार्शल और सेक्टर प्रभारी के साथ वाहनों के जाम लगने वाले बिंदुओं को तलाशा है। मौके पर पहुंचकर यातायात की वस्तुस्थिति समझी है।
उन्होंने बताया कि कल्याणपुर क्रासिंग, पनकी रोड और पुरानी शिवली रोड पर मार्ग किनारे पर अतिक्रमण को हटवाया है। यहां पर सड़क किनारे अवैध रूप से लगी दुकानें और रेहड़ी-पटरी जाम का सबसे बड़ा बनते हैं। दुकानदार अपनी दुकानें सड़क तक बढ़ा लेते हैं, जिससे वाहनों के निकलने की जगह बहुत कम बचती है और रोजाना जाम की स्थिति बन जाती है।
ऐसे ही इंद्रा नगर कट और बिठूर तिराहा कट पर वाहनों के अचानक यू-टर्न लेने और अनियंत्रित तरीके से ई-रिक्शा व आटो के रुकने के कारण ट्रैफिक की रफ्तार थम जाती है। इन्हीं स्थलों पर ट्रैफिक जाम कम करने को लेकर काम किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण किए मिले कई रेहड़ी-पटरी वाले दुकानदारों को डीसीपी ने खदेड़ा। इन लोगों को उन्होंने भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।
इस तरह डीसीपी ने ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा एवं आटो संचालन और चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति जांची। प्रमुख चौराहा एवं तिराहा से ई- रिक्शा, आटो, टेंपो को कम से कम 100 मीटर की दूरी पर सवारी बैठाने व उतारने की हिदायत दी।
उन्होंने जोन ट्रैफिक इंस्पेटक्टर, रूट मार्शल और सेक्टर प्रभारी को निर्देश दिए कि सड़क पर फालतू में रुकने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करें। साथ ही राहगीरों के चौराहों-तिराहों पर चोक प्वाइंट्स की पहचान करने और उनके कारणों को दूर करने के निर्देश दिए।
