कानपुर में LIC एजेंट को थार से रौंदने वाली महिला रिहा, सबूतों की कमी के चलते कोर्ट ने सुनाया फैसला
कानपुर में एलआईसी एजेंट को थार से रौंदने वाली युवती गीत सचान को कोर्ट ने न्यायिक रिमांड खारिज कर निजी मुचलके पर रिहा कर दिया।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
थार से एलआईसी एजेंट को रौंदने वाली युवती रिहा।
कोर्ट ने गिरफ्तारी के साक्ष्य व आधार को अपर्याप्त माना।
युवती को 25 हजार के निजी मुचलके पर छोड़ा गया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। रिमांड मजिस्ट्रेट अतुल कुमार नायक की कोर्ट ने कल्याणपुर के केशवपुरम में एलआइसी एजेंट बुजुर्ग को थार चलाते हुए रौंदने वाली युवती का न्यायिक रिमांड खारिज कर दिया। कोर्ट ने माना कि बिना साक्ष्यों और तथ्यों के गिरफ्तारी की गई है।
विवेचक ने गिरफ्तारी का आधार और कारण स्पष्ट नहीं किया है। इससे अभियुक्त के संवैधानिक अधिकारों का हनन होता है। कोर्ट ने कुछ शर्तों केै साथ 25 हजार के व्यक्तिगत बंधपत्र पर युवती को रिहा कर दिया।
पनकी स्वराज नगर निवासी एलआइसी हाउसिंग फाइनेंस के एजेंट शनिवार शाम केशवपुरम स्थित एक साड़ी के शोरूम से पत्नी की साड़ी लेकर लौट रहे थे। तभी गायत्री पैलेस के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटर में टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद कार उन्हें 50 मीटर तक घसीटते हुए एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी थी। पुलिस ने बी ब्लॉक पंक बहादुर नगर पनकी निवासी गीत सचान उर्फ बेटू सचान को रविवार शाम गैर इरादतन हत्या में गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने रविवार रात ही उसे रिमांड मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। विवेचक व निरीक्षक रईस अहमद ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर उसे 14 दिन न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के लिए कहा। अभियुक्त के अधिवक्ता की बहस सुनने के बाद कोर्ट ने न्यायिक रिमांड का प्रार्थनापत्र खारिज कर दिया। कोर्ट ने निजी बंध पत्र पर उसे रिहा करने का आदेश दिया। कहा कि वह गवाहों को डराएगी या धमकाएगी नहीं।
साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं करेगी। विवेचना में सहयोग करेगी। न्यायालय या विवेचक की अपेक्षा पर वह उपस्थित होगी।
यह भी पढ़ें- कानपुर में काली थार ने बरपाया कहर, स्कूटी सवार को रौंदा, दो युवतियां उतरकर दूसरी कार से भागीं