विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पत्नी के मायके जाने पर 3 दिन पहले फंदा लगा पति ने दी जान, दुर्गंध आने से पड़ोसी-पुलिस ने खोला घर, देखकर रह गए सन्न

Published: Sat, 12 Sep 2026 10:16 PM (GMT+05:30)

कानपुर के नौबस्ता में एक व्यक्ति ने पत्नी के मायके जाने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तीन दिन ...और पढ़ें

मृतक राहुल मिश्रा की फाइल फोटो। स्वजन

मृतक राहुल मिश्रा की फाइल फोटो। स्वजन

HighLights

  1. नौबस्ता थानाक्षेत्र के यशोदा नगर की घटना, दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

  2. रक्षाबंधन के एक दिन पहले विवाद के बाद पत्नी दोनों बेटियों को लेकर चली गई थी मायके

  3. दीवार फांदकर पहुंची पुलिस, शव भारी होने जाने से फंदा टूटकर नीचे गिरा, सड़ चुका था

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर के नौबस्ता में एक घर से बदबू आने से पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिसकर्मी अंदर पहुंचे तो कमरे में सड़ी गली हालत में शव देख हैरान रह गए। फारेंसिक टीम के साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

नौबस्ता में पत्नी के मायके चले जाने के बाद युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। कई दिन से युवक पड़ोसियों को दिखाई नहीं दिया था। शनिवार सुबह मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा खटखटाती रही, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिसकर्मी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए। फंदा टूट जाने से शव जमीन पर पड़ा था।

के-ब्लाक, यशोदानगर निवासी 40 वर्षीय राहुल मिश्रा निजी कंपनी में नौकरी करते थे। स्वजन के मुताबिक राहुल शराब का लती था। इसी बात को लेकर पत्नी अनूपा से आए दिन विवाद होता था। रक्षाबंधन से एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद अनूपा बेटियों श्रद्धा और शगुन को लेकर नौबस्ता स्थित अपने मायके चली गई थीं।

बड़े भाई रोहित मिश्रा ने बताया कि राहुल ने पत्नी को वापस बुलाने के लिए कई बार प्रयास किया, लेकिन वह नहीं आई। पड़ोसी अनुरूद्ध कुमार ने बताया कि पत्नी और बच्चों के घर पर न होने से राहुल और अधिक शराब पीने लगा था। आखिरी बार बीते बुधवार की सुबह नशे की हालत में दिखा था। उसके बाद से दिखाई नहीं दिया था।

शनिवार सुबह दुर्गंध आने पर शंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने स्वजन और पत्नी को घटना की जानकारी दी। नौबस्ता थानाप्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि शराब पीने को लेकर पति से विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी के मायके से आने से इन्कार पर ही युवक के आत्महत्या करने की बात सामने आई है।

यह भी पढ़ें- चीखता रहा पिता, गिड़गिड़ाती रही मां... सीमांचल ट्रेन से गिरे 9 महीने के मासूम का 23 घंटे बाद मिला शव

यह भी पढ़ें- Kanpur-Lucknow Traffic Alert: जाजमऊ पुराने गंगा पुल पर 3 महीने का डायवर्जन, 13 सितंबर दोपहर 12 बजे से भारी वाहनों की NO-Entry