विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में संभव खंडेलवाल की मौत में नया मोड़, पिता ने गर्लफ्रेंड और परिवार के खिलाफ किया हत्या का केस

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:43 PM (IST)

कानपुर के बिठूर में रुद्राग्रीन अपार्टमेंट से गिरकर संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में नया मोड़ आया है।

संभव खंडेलवाल। फाइल फोटो- जागरण

संभव खंडेलवाल। फाइल फोटो- जागरण

HighLights

  1. कानपुर के बिठूर में संभव खंडेलवाल की मौत का मामला।

  2. पिता ने महिला मित्र और परिवार पर हत्या का आरोप लगाया।

  3. पुलिस ने नए सिरे से जांच शुरू की, पहले हादसा माना था।

जागरण संवाददाता, कानपुर। बिठूर के रुद्राग्रीन अपार्टमेंट से 70 फीट नीचे गिरकर हुई कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के इकलौते बेटे संभव की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के पिता ने बेटे की महिला मित्र, उसके मामा और परिवारवालों के खिलाफ बिठूर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

पिता का आरोप है कि युवती के मामा ने पिछले महीने झगड़े के दौरान जान से मारने की धमकी दी थी और अब साजिश के तहत बेटे को बुलाकर हत्या करने के बाद इसे हादसे का रूप दिया गया है। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच और सीसीटीवी फुटेज इसे हादसा मान रहे हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद अब नए सिरे से जांच शुरू कर दी गई है।

कौशलपुरी निवासी विशाल खंडेलवाल की गुरु कृपा पेपर ट्रेडिंग नाम से फर्म है। परिवार में पत्नी प्रीति, शादीशुदा बेटी काव्या और 22 वर्षीय इकलौता बेटा संभव थे। विशाल खंडेलवाल के मुताबिक, संभव 14 नवंबर की दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच मित्रों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। शाम करीब 4:05 बजे उनके पास रुद्राग्रीन अपार्टमेंट के टावर-2 के एक फ्लैट में रहने वाले युवक ने बेटे के मोबाइल फोन से बताया कि संभव उसकी बालकनी से गिरकर घायल हो गया है।

बिठूर के सिंहपुर स्थित पारस अस्पताल पहुंचे। वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर ने संभव को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में फोन करने वाला युवक, उसकी बहन, बहन की बेटी व बेटा भी थे। घटना के संबंध में जब उनसे पूछताछ की गई तो बताया गया कि संभव फ्लैट में बच्चे के साथ वॉलीबाल खेल रहे थे। खेलते हुए बालकनी में पहुंचे, जहां दीपावली के दीयों का तेल फैला हुआ था। पैर फिसलने से वह तीन फीट ऊंची रेलिंग पार कर गिर गए।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटना को लेकर सीसीटीवी कैमरे का एक वीडियो भी मिला था, जिसमें स्पष्ट हो रहा है कि संभव की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई है। करीब 70 फीट की ऊंचाई से पीठ के बल गिरने से उनका सिर नहीं फूटा, लेकिन पसलियां टूटकर हार्ट और लिवर में घुस गई थीं। जांच के आधार पर ये हादसा लग रहा है। दिवंगत संभव के पिता की तहरीर पर युवती और उनके परिवार के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। नए सिरे से जांच कराई जाएगी।

संभव के स्वजन ने इन बिंदुओं को बनाया आधार

-युवती के मामा ने बीते माह बेटे से झगड़ा कर अपार्टमेंट में आने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उसे साजिश के तहत बुलाकर हत्या करके दुर्घटना दर्शायी गई है।

-संभव के मोबाइल फोन से भी छेड़छाड़ की।

-नीचे गिरने से उसका चश्मा, मोबाइल फोन व घड़ी क्षतिग्रस्त नहीं हुए।

-परिवार के अलग-अलग लोगों से पूछताछ करने पर बयान में भिन्नताएं मिलीं।

-आरोप है कि पुलिस को फौरन घटना की जानकारी नहीं दी गई।

यह भी पढ़ें- कानपुर में रुद्राग्रीन अपार्टमेंट में कारोबारी के बेटे की मौत मामले में नया मोड़, महिला मित्र और उसके परिवार पर हत्या का मुकदमा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।