कानपुर के कर्रही में सड़क पर धान रोपाई, जलभराव और गड्ढों के बीच सपा का अनोखा प्रदर्शन
कानपुर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कर्रही रोड की जर्जर सड़कों और जलभराव के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ...और पढ़ें
HighLights
सपा कार्यकर्ताओं ने कर्रही रोड पर अनोखा प्रदर्शन किया।
पानी भरे गड्ढों में धान रोपकर सड़क मरम्मत की मांग।
जर्जर सड़कों से हो रही दुर्घटनाओं पर प्रशासन को घेरा।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर शहर की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बर्रा स्थित कर्रही रोड पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। बारिश के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढों में भरे पानी के बीच सपाइयों ने धान की पौध रोपकर नगर प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क की बदहाल स्थिति को आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की।
सपा नेता सुभाष द्विवेदी ने कहा कि कर्रही रोड लंबे समय से बदहाल है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लोग अब तक हादसों में घायल हो चुके हैं, लेकिन संबंधित विभाग समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासी और राहगीर प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन खराब सड़क और जलभराव के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुभाष द्विवेदी ने यह भी याद दिलाया कि करीब एक वर्ष पहले सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इंटरनेट मीडिया के माध्यम से इस सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया था। इसके बावजूद अब तक हालात में कोई उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ।
प्रदर्शन के दौरान सपाइयों ने आरोप लगाया कि सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं, जिसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत शुरू नहीं कराई गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
विरोध प्रदर्शन में अनिल यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रदीप तिवारी, धीरज यादव, अकुल यादव, अभिषेक पासवान, अमन सिंह, अंकित द्विवेदी, कृष्णा पांडेय, अरबाज, शिवम शर्मा, शिब्बू और प्रिंस सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- कानपुर में स्टंटबाजी बनी काल... स्टंटबाज बाइकर्स गैंग ने छीन ली युवा इंजीनियर की जिंदगी, सामने से बाइक में मारी टक्कर
