कानपुर में स्टंटबाजी बनी काल... स्टंटबाज बाइकर्स गैंग ने छीन ली युवा इंजीनियर की जिंदगी, सामने से बाइक में मारी टक्कर
कानपुर में खेरेश्वर मंदिर से लौट रहे इंजीनियर मोहित सिंह की बाइक को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार ...और पढ़ें

मोहित की फाइल फोटो। स्वजन
HighLights
स्टंट कर रहे बाइक सवार ने खेरेश्वर मंदिर से लौट बाइक सवार इंजीनियर को मारी टक्कर
बिठूर थानाक्षेत्र में रामा कालेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर हुआ हादसा, साथी गंभीर
जागरण संवाददाता, कानपुर। दोस्त के साथ शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर से सोमवार सुबह दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार इंजीनियर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइकर्स गैंग ने ओवरटेक के दौरान टक्कर मार दी, जिससे इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपित बाइक सवार फरार हो गए।
पनकी के अहिल्याबाई होल्कर नगर निवासी हरपाल सिंह सेंगर का 26 वर्षीय इकलौता बेटा मोहित उर्फ शैलेंद्र सिंह बीटेक करने के बाद पैथोलाजी उपकरणों के आडिट का काम करते थे। परिवार में मां श्यामा और दो बहनें मधु और खुशबू हैं।
स्वजन ने बताया कि सोमवार तड़के वह क्षेत्र में रहने वाले साथी अभिनय के साथ बाइक से शिवराजपुर के खेरेश्वर मंदिर दर्शन करने गया था। दर्शन के बाद दोनों घर लौट रहे थे तभी रामा कालेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर पीछे से आ रहे बाइकर्स गैंग ने ओवरटेक करने के दौरान मोहित की बाइक में टक्कर मार दी। संतुलन बिगड़ने से मोहित बाइक समेत करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए और डिवाइडर से टकरा गए।
हेलमेट लगा होने के बावजूद मोहित के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अभिनय भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को रामा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मोहित ने दम तोड़ दिया। वहीं अभिनय की हालत भी गंभीर है। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सावन के सोमवार को निकलता है बाइकर्स गैंग
सावन के सोमवार पर शिवराजपुर स्थित खेरेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए ग्रामीण क्षेत्र के साथ ही शहर से भी लोग जाते हैं। इनमें बाइकर्स गैंग भी होता है, जिनमें एक बाइक पर तीन से चार लोग बैठकर हुड़दंग करते हुए जाते हैं। ये लोग रविवार देर रात से दर्शन के लिए निकलते हैं।
स्टंटबाजी के दौरान पूर्व में हुए हादसे
- नवंबर 2025 में गंगा बैराज पर स्पोर्ट्स बाइक पर 110 की रफ्तार से स्टंट कर रहे युवकों ने स्कूटी सवार छात्रा भाविका गुप्ता को टक्कर मारकर जान ली हादसे में उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई
- जनवरी 2026 में चकेरी में एयरपोर्ट रोड पर स्टंटबाजी के दौरान एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए खेतों में जा घुसी
- नौ अगस्त 2025 को रामा कालेज के सामने एलीवेटेड हाईवे पर रील बनाने के दौरान बिठूर के बनी गांव के मजरा गंभीरपुर निवासी 27 वर्षीय विशाल उर्फ बल्लू कटियार की बस की टक्कर से मौत हो गई थी। विशाल अपने दोस्त शिवा गौतम और संतोष के साथ रील बनाने के लिए आया था।
