कानपुर में सिपाही भर्ती के मेडिकल परीक्षण में वसूली का खेल, डॉक्टर के नाम पर मांगे 4 लाख
कानपुर में सिपाही भर्ती के मेडिकल परीक्षण में वसूली का सिंडिकेट सक्रिय मिला, जहां एजेंट डॉक्टरों के नाम पर अभ्यर्थियों से 3-4 लाख रुपये मांग रहे थे। पुलिस आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से जांच के आदेश दिए हैं, दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

डॉक्टर के नाम पर रुपये की मांग करने वाले एजेंट। जागरण
HighLights
सिपाही भर्ती मेडिकल में वसूली सिंडिकेट सक्रिय मिला।
एजेंट डॉक्टरों के नाम पर 3-4 लाख रुपये मांग रहे थे।
पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, कानपुर। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती के चिकित्सा परीक्षण (मेडिकल) में गुरुवार को एक बार फिर वसूली का सिंडिकेट सक्रिय नजर आया। जिला क्षय रोग नियंत्रण केंद्र में हुए मेडिकल परीक्षण में रीजनल मेडिकल बोर्ड पैनल में शामिल कमलापत मेमोरियल चिकित्सालय (केपीएम) व उर्सुला अस्पताल के डॉक्टरों के नाम पर अभ्यर्थियों से तीन से चार लाख रुपये तक की मांग की गई।
बीते 15 अक्टूबर को पुलिस लाइंस में होमगार्ड भर्ती के दौरान घूसखोरी पर हुए विवाद व आरोपितों के जेल जाने के बावजूद पुलिस का निगरानी तंत्र इस बार भी पूरी तरह फेल नजर आया।
चिकित्सा परीक्षण में सक्रिय दिखे एजेंट के मोबाइल फोन में अभ्यर्थियों के वो कागज दिखे, जो सिर्फ पैनल में शामिल डाक्टर के पास होने चाहिए थे। इन पत्रों को दिखाकर ही केंद्र के बाहर एजेंट अभ्यार्थियों के परिवार के सदस्यों से मोबाइल फोन व मिलकर पास कराने के नाम पर रुपये की मांग करते रहे।
एजेंट दो से ढाई लाख रुपये में पास कराने का वादा करते भी दिखे। वसूली के इस सिंडिकेट की हकीकत जानने के लिए जागरण संवाददाता ने जब अभ्यर्थी का स्वजन बनकर एजेंट से बात की तो वह होटल लैंडमार्क के पीछे वाले गेट पर मिलने आ गया। वहां उसने अपने मोबाइल फोन में प्रयागराज के एक अभ्यर्थी का गोपनीय पत्र दिखाया और बताया कि उसकी लगातार डाक्टर से बात हो रही है।
जब संवाददाता ने कहा कि कैसे यकीन करें कि डाक्टर पास करेंगे या नहीं, तो एजेंट ने केंद्र में मौजूद दूसरे एजेंट से अपने फोन पर बात कराने की बात कही। अभ्यर्थी के पत्र एजेंट के पास मिलने से अब पैनल डाक्टर पर भी सवाल खड़ा हो रहा है। चर्चा है कि पिछले कई बार से पैनल में डाक्टर के नाम बदले ही नहीं जा रहे हैं। इस खेल में पैनल को गठित करने वाले तंत्र पर भी सवाल उठ रहा है।
1947 होमगार्ड अभ्यर्थियों का रिजर्व पुलिस लाइन में 15 से 29 अक्टूबर तक मेडिकल परीक्षण व चरित्र सत्यापन हुआ था। 15 अक्टूबर को अभ्यर्थियों ने उर्सुला अस्पताल के ईएनटी विशेषज्ञ डा. प्रवीन कुमार, डा. महेश कुमार, घाटमपुर सीएचसी के डा. देवेंद्र सिंह राजपूत व कार चालक अजीत पर घूस लेने का आरोप लगा मारपीट की थी। पुलिस ने चारों को पकड़ा था। दोनों डाक्टर जेल भेजे गए थे।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि यह गंभीर मामला है। इसकी जांच कराई जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से इसकी जांच करेगी। दोषियों पर कार्रवाई होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।