कानपुर में पीएम आवास दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, फर्जी आवंटन सूची दे हड़पे 1.25 लाख
कानपुर के कल्याणपुर में दो युवकों ने प्रधानमंत्री आवास दिलाने के नाम पर एक महिला और उसके परिचितों से 1.25 ...और पढ़ें

HighLights
कल्याणपुर में पीएम आवास दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी
फर्जी आवंटन सूची दिखाकर 1.25 लाख रुपये हड़पे गए
कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद सहयोगी, कल्याणपुर(कानपुर)। कल्याणपुर में महिला उसके रिश्तेदार और परिचितों को दो युवकों ने प्रधानमंत्री आवास दिलाने का झांसा देकर 1.25 लाख रूपये हड़प लिए। आरोपितों ने विश्वास हासिल करने के लिए पीड़ितों को फर्जी आवंटन सूची भी सौंपी जो जांच में फर्जी निकली।रकम वापस मांगने पर आरोपितों ने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई।
मूलरूप से बर्रा निवासी आकांक्षा सैनी वर्तमान में कल्याणपुर के साहब नगर में रहती है। आकांक्षा के मुताबिक बारासिरोही निवासी आशीष वर्मा और उन्नाव के शुक्लागंज निवासी राहुल वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें और उनके परिचित प्रीती सैनी, अभय सैनी, कामिनी अवस्थी और सपना सैनी को कालोनी आवंटित कराने का भरोसा दिया।
इसके लिए पांच हजार रुपये प्रति कालोनी बैंक में जमा कराने के नाम पर आरोपितों ने सभी से कुल 25 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा अन्य खर्चों के नाम पर 20 हजार रुपये प्रति कालोनी के हिसाब से एक लाख रुपये लिए गए।
इस तरह से आरोपितों कुल 1.25 लाख रुपए हड़प लिए। जिसके बाद आरोपितो ने 22 जनवरी, सात फरवरी और 23 फरवरी 2026 को अलग-अलग स्टांप पेपर पर लिखा पढ़ी भी की और एक आवंटन सूची और बैंक की जमा रसीदें देकर जल्द कब्जा दिलाने का भरोसा दिया।
काफी समय बाद भी उन्हें कालोनी का कब्जा नहीं मिला तो संबंधित विभाग और बैंक से दस्तावेजों की जांच कराई। जांच में आवंटन सूची और बैंक की जमा रसीदें फर्जी निकलीं। रकम वापस मांगने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपितों ने गाली गलौज करते हुए पुलिस अधिकारियों का रौब दिखाया और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत दो अप्रैल को उन्होंने कल्याणपुर थाने और सात अप्रैल को पुलिस अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है।
