कानपुर शहर जाम से त्रस्त, रिंग रोड के निर्माण की रफ्तार सुस्त
कानपुर आउटर रिंग रोड का निर्माण बिटुमिन की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण धीमा हो गया है, जिससे परियोजना ...और पढ़ें

मंधना से संचेडी तक पैकेज वन का निर्माणधीन रिंग रोड। प्रबंधन
HighLights
बिटुमिन की कमी से आउटर रिंग रोड निर्माण धीमा पड़ा।
परियोजना की लागत 30% तक बढ़ी, आपूर्ति संकट गहराया।
गंगा पर 3.3 किमी लंबा पुल, 50% काम पूरा हुआ।
जागरण संवाददाता, कानपुर। भारी वाहनों को शहर के बाहर से ही रास्ता उपलब्ध कराने और जाम से मुक्ति दिलाने को बन रही आउटर रिंग रोड के निर्माण की रफ्तार पर बिटुमिन की कमी ने ब्रेक लगा दिया है। डामरीकरण के लिए जरूरी बिटुमिन की पर्याप्त आपूर्ति न होने और दाम बढ़ने से काम की रफ्तार सुस्त है।
स्थिति यह है कि चार पैकेजों में बन रही रोड का लगभग 50 प्रतिशत काम ही हो पाया है। ऐसे में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) के सामने समयसीमा में काम पूरा करने की चुनौती खड़ी हो गई है।
करीब 94.659 किलोमीटर लंबी कानपुर आउटर रिंग रोड का निर्माण 5854.91 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। परियोजना को पांच पैकेजों में बांटकर काम कराया जा रहा है। शुरुआत में रिंग रोड को चार लेन का बनाने की योजना थी, लेकिन भविष्य में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए इसे छह लेन का बनाने की मंजूरी दी गई।
परियोजना पूरी होने के बाद शहर के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों, एयरपोर्ट और आसपास की विकास परियोजनाओं तक पहुंच भी आसान होगी।
बिटुमिन और अन्य निर्माण सामग्री की बढ़ती कीमत ने बिगाड़ा गणित
बिटुमिन की नियमित आपूर्ति न होने से निर्माण की गति पर असर पड़ रहा है। वहीं, बिटुमिन, सीमेंट और सरिया महंगे होने से निर्माण लागत में लगभग 30 प्रतिशत तक वृद्धि बताई जा रही है। बीते चार माह में 30 हजार रुपये प्रति टन से बिटुमिन की लागत 90 हजार रुपये पहुंच गई है, वहीं सबसे ज्यादा आपूर्ति का संकट है, इससे परियोजना को तय समय में पूरा करने की चुनौती और बढ़ गई है।
गंगा पर बनेगा 3.3 किलोमीटर लंबा पुल
रिंग रोड के पैकेज-तीन में गंगा नदी पर 3300 मीटर लंबा प्रमुख पुल प्रस्तावित है। यह पुल परियोजना की महत्वपूर्ण कड़ी होगा। इसके अलावा पूरे मार्ग पर छह प्रमुख पुल, 26 छोटे पुल, 13 फ्लाईओवर और नौ रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाने की योजना है। विभिन्न प्रकार के अंडरपास भी विकसित किए जाएंगे। रिंग रोड से कानपुर के औद्योगिक क्षेत्रों, एयरपोर्ट और राज्य सरकार की आगामी परियोजनाओं तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
चार पैकेजों में ऐसे हो रहा निर्माण
- पैकेज-1: सचेंडी से मंधना तक, 23.325 किमी।
- पैकेज-2ए: चौधरीपुर से ट्रांसगंगा तक, 8.765 किमी।
- पैकेज-2बी: ट्रांसगंगा से सहारा तक, 19.110 किमी।
- पैकेज-3: बदरका से हरवंशखेड़ा-उचटी तक, 17.450 किमी।
- पैकेज-4: जरकला से पकरी तक, 24.559 किमी।
एक नजर में रिंग रोड
- कुल लंबाई 94.659 किलोमीटर
- स्वीकृत लागत 5854.91 करोड़ रुपये
- सर्विस और स्लिप रोड 34.582 किलोमीटर
- प्रमुख पुल 6
- छोटे पुल 26
- फ्लाईओवर 13
- रेलवे ओवरब्रिज 9
- व्हीकुलर अंडरपास 15
- लाइट व्हीकुलर अंडरपास 24
- स्माल व्हीकुलर अंडरपास 6
- बाक्स और स्लैब कलवर्ट 55
- टोल प्लाजा 13
- एनएचएआइ भवन 1
रिंग रोड के निर्माण में तेजी लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य की प्रगति के साथ गंगा नदी पर प्रस्तावित पुल समेत प्रमुख कार्यों को समय से पूरा करना हमारी प्राथमिकता है। हालांकि, बिटुमिन की समय पर आपूर्ति नहीं होने से काम प्रभावित हो रहा है।
- पंकज यादव, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।