आप सभी शांति से रहिएगा... कानपुर की NEET छात्रा के आखिरी शब्द, फुफेरे भाई की ब्लैकमेलिंग एकतरफा प्यार से थी परेशान
कानपुर में एक 17 वर्षीय नीट छात्रा ने फुफेरे भाई की ब्लैकमेलिंग और एकतरफा प्यार से परेशान होकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

ये तस्वीर प्रतीकात्मक है।
HighLights
चकेरी थानाक्षेत्र के श्याम नगर की घटना, छात्रा की जेबर से मिला सुसाइड नोट
मां का आरोप, आरोपित ने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर बेटी को किया ब्लैकमेल
जागरण संवाददाता, कानपुर। चकेरी में नीट की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने फुफेरे भाई की ब्लैकमेलिंग और एकतरफा प्यार से परेशान होकर जान दे दी। कमरे में उसका शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। छात्रा के स्वजन ने फुफेरे भाई पर करीब छह माह से परेशान करने, बात करने का दबाव बनाने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। स्वजन का कहना है कि आरोपित एकतरफा प्यार करता था और छात्रा के दोस्तों को मैसेज कर उसे अपनी गर्लफ्रेंड बताता था। पुलिस को छात्रा की जेब से सुसाइड नोट भी मिला है।
मूलरूप से चंदौली निवासी छात्रा के पिता दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। यहां वह अपनी मां, छोटी बहन और भाई के साथ श्याम नगर इलाके में किराए के मकान में रहती थी। मृतका के भाई ने बताया कि उनकी बहन नीट की तैयारी कर रही थी। बुधवार सुबह मां पूजा कर रही थीं और बहन नहाने के बाद कमरे में कपड़े बदलने के लिए गई थी, लेकिन वह काफी देर तक बाहर नहीं आयी।
मां ने आवाज देकर बुलाया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में खिड़की से झांक करके देखा तो वह फंदे से लटकी थी, जिसके बाद घर पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में फंदे से उतारकर कांशीराम अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, मां ने आरोप लगाया कि भाई-बहन के रिश्ते के बावजूद आरोपित लगातार बेटी से बात करने का दबाव बनाता था। इतना ही बेटी का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करके ब्लैकमेल कर रहा था। स्वजन के अनुसार, आरोपित गुजरात में रहता है। पिछले वर्ष उसके पिता की मृत्यु के बाद वह कुछ समय उनके घर भी रहा था। बाद में उसने छात्रा को परेशान करना शुरू किया। परिवार का आरोप है कि जेल से छूटने के बाद भी उसने बेटी से संपर्क जारी रखा।
चकेरी थानाप्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतका के पास से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने किसी को दोषी नहीं ठहराया है। छात्रा ने सुसाइड नोट में आइ लव यू आल और आप सभी शांति से रहिएगा लिखा है। परिवार वालों के आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के बाद भी कर रहा था परेशान
परिवार वालों के मुताबिक छात्रा को उसका फुफेरा भाई करीब छह माह से परेशान कर रहा था। वह फोन पर बात करने का दबाव बनाता था। करीब तीन माह पहले परिवार ने आरोपित की शिकायत उसकी मां यानी छात्रा की बुआ से भी की थी। इसके बाद कुछ समय तक आरोपित ने उससे संपर्क नहीं किया, लेकिन फिर से उसे परेशान करना शुरू कर दिया। आरोप है कि वह छात्रा के दोस्तों को मैसेज भेजकर उसे अपनी गर्लफ्रेंड बताता था। परिवार का कहना है कि इससे छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी और उसने खाना-पीना भी कम कर दिया था।
