कानपुर में तीन बच्चों की मां युवती संग भागी, इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती; कहा- हम दोनों प्यार करते हैं
कानपुर के महाराजपुर में तीन बच्चों की मां दिल्ली की एक युवती के साथ समलैंगिक संबंध में पाई गई, जो मायके से गायब हो गई थी।

तीन बच्चों की मां युवती के साथ भागी।
HighLights
महाराजपुर में तीन बच्चों की मां का समलैंगिक संबंध सामने आया।
महिला मायके से गायब होकर युवती के साथ पनकी में रह रही थी।
पुलिस हिरासत में महिला युवती संग रहने की जिद पर अड़ी है।
जागरण संवाददाता, कानपुर। महाराजपुर में तीन बच्चों की मां के दिल्ली की रहने वाली एक युवती से समलैंगिक संबंधों का मामला सामने आया है। महिला 10 दिन पहले मायके से गायब हो गई थी।
स्वजन ने महाराजपुर थाने में गुमसुदगी दर्ज कराई थी। 32 साल की महिला लगभग 30 वर्षीय युवती के साथ पनकी में किराए का कमरा लेकर रह रही थी।
पुलिस ने महिला व युवती को हिरासत में ले लिया है। पनकी से महाराजपुर थाने लाकर दोनों से पूछताछ की जा रही है। दोनों के साथ सरसौल निवासी एक युवक को भी पुलिस ने पकड़ा है। महिला घर जाने को तैयार नहीं है। महिला युवती के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी है।
तीन बच्चों की मां युवती के साथ रहने की जिद पर अड़ी
महाराजपुर के एक गांव निवासी 32 वर्षीय महिला के दो बेटे व एक बेटी है। महिला बीती छह सितंबर को महाराजपुर क्षेत्र में ही अपने मायके से अचानक गायब हो गई थी। स्वजन ने महाराजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच कर रही थी, तभी सुराग लगा कि महिला पनकी में किराए का कमरा लेकर रह रही है।
पुलिस ने पनकी में छापेमारी की तो महिला एक युवती के साथ रहते मिली। युवती मूल रूप से महाराजपुर क्षेत्र की ही रहने वाली है। कई सालों से दिल्ली में रह रही है। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों हिंदू समुदाय से हैं।
महिला व युवती के बीच समलैंगिक संबंध हैं। दोनों की दोस्ती एक साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी और प्यार परवान चढ़ गया। दोनों शादी कर एक-दूसरे के साथ रहने को तैयार हो गईं। महिला ससुराल से अपने मायके पहुंची और वहां से गायब हो गई।
सरसौल निवासी एक युवक की मदद से पनकी में किराए का कमरा लिया। युवती भी दिल्ली से वहां आ गई और दोनों साथ रहने लगीं। बुधवार रात में महाराजपुर थाना पुलिस दोनों को पकड़कर थाने लाई।
महिला अपने घर जाने को तैयार नहीं है। वह युवती के साथ ही रहने की जिद कर रही है। महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया समलैंगिक संबंधों का मामला सामने आया है। महिला व युवती एक साथ रहने को राजी हैं। मामले की जांच की जा रही है।
