आटो में व्यापारी का बैग काटकर 50 हजार पार किए, एक आरोपित पकड़ा
कानपुर में एक कपड़ा व्यापारी का ऑटो में बैग काटकर 50 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। व्यापारी ने तत्परता ...और पढ़ें

पीड़ित व्यापारी हारून।
HighLights
कपड़ा व्यापारी का ऑटो में बैग काटकर 50 हजार चोरी
व्यापारी ने पीछा कर एक आरोपी को बाइक समेत पकड़ा
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, दूसरा आरोपी फरार
जागरण संवाददाता, कानपुर। टाटमिल से घंटाघर आने के लिए आटो में सवार कपड़ा व्यापारी के बैग काटकर 50 हजार रुपये पार कर दिए गए। घंटाघर के पास बैग कटने का पता चलने पर व्यापारी ने आटो में सवार एक आरोपित को बाइक से भागते हुए देख लिया।
इस पर व्यापारी ने पीछा कर उसे बाइक समेत पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी कलक्टरगंज थाने पहुंचे जहां पीड़ित व्यापारी ने तहरीर दी।
फतेहपुर जनपद के गाजीपुर निवासी कपड़ा व्यापारी हारून मंगलवार दोपहर टाटमिल से घंटाघर आने के लिए आटो में बैठे थे। आरोप है कि रास्ते में आटो में सवार एक व्यक्ति ने मौका पाकर उनके बैग को काट दिया और उसमें रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए।
इसके बाद आरोपित अपने साथी के साथ भागने की फिराक में था। घंटाघर के पास उतरने पर हारून को बैग कटने और रुपये गायब होने की जानकारी हुई।
इसी दौरान उन्होंने बैग काटने के आरोपित को बाइक से भागते देखा। व्यापारी ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे बाइक समेत पकड़ लिया। हालांकि, उसका साथी भागने में सफल रहा।
घटना की सूचना पर भाजपा बुंदेलखंड क्षेत्र व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक विनोद गुप्ता और नौघड़ा कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष शेषनारायण त्रिवेदी समेत कई व्यापारी कलक्टरगंज थाने पहुंच गए।
एसीपी आकांक्षा पांडेये ने बताया कि पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रैंड से हट कर वीडियो बनाओ...कहते ही भड़के छात्र, दोस्त का अपहरण कर कार में जमकर पीटा
