विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डे वेडिंग का बढ़ा क्रेज: कानपुर में 25 दिनों में 35 हजार मांगलिक कार्यक्रम, 6000 करोड़ के कारोबार का अनुमान

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:25 AM (IST)

कानपुर में 21 नवंबर से 15 दिसंबर तक विवाह समारोहों का पहला सीजन शुरू हो रहा है, जिससे लगभग 35 हजार आयोजन और 6 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।      

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए इस तस्वीर को AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. कानपुर में 21 नवंबर से विवाह सीजन शुरू होगा।

  2. इस सीजन में 6 हजार करोड़ का कारोबार अनुमानित है।

  3. लगभग 8 हजार अस्थायी रोजगार के अवसर मिलेंगे।

जागरण संवाददाता, कानपुर। शहर में 21 नवंबर से विवाह समारोहों का पहला सीजन शुरू होने जा रहा है। 15 दिसंबर तक चलने वाले इस सीजन में शादी-विवाह से जुड़े करीब 35 हजार आयोजन होने का अनुमान है। इससे बाजार में लगभग छह हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है।

इसमें आभूषण, कपड़े, उपहार और खानपान से लेकर होटल, बैंक्वेट हाल, डेकोरेशन, फोटोग्राफी और इवेंट मैनेजमेंट जैसे कारोबार शामिल हैं। विवाह समारोहों की बढ़ती संख्या से करीब आठ हजार लोगों के लिए अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बाजार आकलन के मुताबिक, इस अवधि में शहर में रिंग सेरेमनी, वरीक्षा, तिलक, विवाह समारोह और रिसेप्शन समेत करीब 35 हजार आयोजन होंगे। कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री पंकज अरोड़ा ने बताया कि ये अनुमान कैट की शोध इकाई कैट रिसर्च एंड ट्रेड डेवलपमेंट सोसाइटी ने तैयार किए हैं।

इसके लिए प्रमुख थोक एवं खुदरा बाजारों के व्यापारिक नेताओं और व्यापारिक संगठनों से विचार-विमर्श के साथ राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण किया गया है।

सीजन के कुल छह हजार करोड़ रुपये के कारोबार में 54 प्रतिशत हिस्सेदारी वस्तुओं एवं खुदरा व्यापार की होगी, जबकि 46 प्रतिशत कारोबार सेवा क्षेत्र से आएगा। वस्तुओं के कारोबार में सबसे बड़ा हिस्सा आभूषण और बहुमूल्य धातुओं का होगा। इस क्षेत्र में करीब तीन हजार करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।

डे-वेडिंग का बढ़ा क्रेज, 25 प्रतिशत विवाह दिन में

सहालग का सीजन कारोबारियों के लिए खुशियां लेकर आ रहा है। तुलसी-शालिग्राम विवाह के दिन ही 2.5 हजार से अधिक शादियां होने का अनुमान है। नवंबर-दिसंबर की सहालग के लिए होटल, लान, गेस्ट हाउस और रिसार्ट की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। शादी समारोहों के लिए लान लोगों की पहली पसंद बने हैं।

कैटरिंग की बुकिंग औसतन 450 से 500 मेहमानों के लिए कराई जा रही है। कानपुर होटल, गेस्टहाउस, स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्यामलाल मूलचंदानी ने बताया कि नवंबर-दिसंबर में विवाह समारोहों के लिए लोगों ने मैरिज हाल, होटल, लान, गेस्ट हाउस और रिसार्ट से लेकर कैटरर्स की बुकिंग करा ली है।

इन दिनों युवा रात के बजाय दिन में शादी करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। नवंबर-दिसंबर में होने वाली करीब 25 प्रतिशत शादियां दिन में हैं। युवा दिन की रोशनी में बेहतर फोटोशूट, लाइट थीम के परिधान और सुविधाजनक शेड्यूल को इसकी मुख्य वजह मान रहे हैं। इसके चलते सजावट के तरीकों में भी काफी बदलाव आया है।

यह भी पढ़ें- शादी-पार्टी के लिए महंगे बैंक्वेट हॉल को कहें बाय-बाय! घर बैठे ऑनलाइन बुक करें रांची नगर निगम के भवन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।