डेढ़ साल की बेटी से आखिरी वीडियो काल...आइ लव यू बाबू, अपना ख्याल रखना और मम्मा को परेशान मत करना, फिर फंदा लगा दे दी जान
कानपुर के बर्रा-चार में एक युवक ने पत्नी और डेढ़ साल की बेटी से वीडियो कॉल पर बात करने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने बेटी से आखिरी बार "आइ लव यू बाबू, अपना ख्याल रखना" कहा था, जबकि शहर में दो अन्य आत्महत्या की घटनाएं भी सामने आईं।
-1795107927225_m.webp)
HighLights
युवक ने बेटी से वीडियो कॉल पर बात कर की आत्महत्या।
कानपुर के बर्रा-चार में हुई हृदय विदारक घटना।
पुलिस मामले की जांच कर रही है, कारण अज्ञात।
जागरण संवाददाता, कानपुर। गोविंद नगर के बर्रा-चार में बुधवार रात एक युवक ने पत्नी और डेढ़ साल की बेटी से वीडियो काल पर बात करने के बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बातचीत के आखिर में उसने बेटी से कहा, “आइ लव यू बाबू, अपना ख्याल रखना और मम्मा को परेशान मत करना... ओके बाय।” करीब एक घंटे बाद पत्नी ने फोन किया, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। बड़े भाई की सूचना पर पुलिस पहुंची तो दरवाजा तोड़ने पर शव फंदे पर लटकता मिला।
कानपुर देहात के डेरापुर स्थित उरसान गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक ज्ञान प्रताप सिंह का 28 वर्षीय छोटा बेटा शिवांशु प्रताप सिंह बर्रा-चार के फ्लैट में पत्नी शैलवी और बेटी इवांशी के साथ रहता था। वह निजी कंपनी में नौकरी करता था। बुधवार को वह बड़े भाई विमल के साथ गांव से लौटा था। विमल उसे फ्लैट पर छोड़कर अपने घर चले गये।
इसके बाद शिवांशु ने मायके सिकंदरा गई पत्नी को वीडियो काल की और काफी देर बात की। बेटी से बात करने के बाद उसने काल काट दी। पत्नी के दोबारा फोन करने पर जवाब नहीं मिला तो उसने जेठ विमल को सूचना दी। विमल फ्लैट पहुंचे,तो दरवाजा अंदर से बंद था।
पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो शिवांशु का शव पंखे से चादर के बने फंदे पर लटका मिला। थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। मोबाइल की जांच और स्वजन से पूछताछ की जा रही है।
पति के निधन से अवसाद में चल रही महिला ने की आत्महत्या
बाबूपुरवा के बगाही स्थित चुन्नन बिल्डिंग में रहने वाली 55 वर्षीय किरन उर्फ बड़ी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। छोटी बहन गुड़िया के अनुसार, घटना के समय किरन कमरे में अकेली थीं और वह मुहल्ले में चल रहे श्याम महोत्सव कार्यक्रम में गई थीं। पड़ोसियों ने बाबूपुरवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। गुड़िया ने बताया कि किरन के पति गुड्डू का कई साल पहले निधन हो गया था। उनकी दोनों बेटियों की शादी के बाद से किरन गुड़िया के साथ रहती थीं। गुड़िया के अनुसार, किरन शराब की लती थीं और उनकी मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
फार्मेसी छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर दी जान
बिठूर के बैकुंठपुर निवासी संजय त्रिवेदी प्राइवेट कर्मी हैं। उनकी 19 वर्षीय बेटी श्रद्धा बीफार्मा की छात्रा थी। बुधवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे पारस हास्पिटल ले गये। जहां कुछ देर चले इलाज के बाद ही डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा ने ऐसा कदम क्यों उठाया स्वजन इसका कारण नहीं बता सके। बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि छात्रा ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की है इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।