विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होम लोन की किस्त और पाक्सो के मुकदमे का तनाव, 8 महीने बाद जमानत पर आया था बाहर, कानपुर में युवक ने की आत्महत्या

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:47 PM (IST)

कानपुर में एक ई-कॉमर्स डिलीवरी ब्वॉय मिहिर कुमार ने होम लोन की किस्त और पाक्सो मुकदमे के तनाव के चलते ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. होम लोन और पाक्सो केस के तनाव में युवक ने की आत्महत्या।

  2. वह आठ महीने जेल में रहा, जमानत पर बाहर था।

  3. आर्थिक जिम्मेदारी और मुकदमे का बोझ युवक झेल रहा था।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कल्याणपुर के आईआईटी नानकारी में होम लोन की किस्त और पाक्सो के मुकदमे से परेशान युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक फोन नहीं उठाने पर उसका दोस्त घर पहुंचा। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से झांककर देखा। कमरे में युवक का शव गमछे के सहारे पंखे से फंदे पर लटकता मिला।

आइआइटी नानकारी निवासी 25 वर्षीय मिहिर कुमार एक ई-कामर्स कंपनी में डिलीवरी ब्वाय था। परिवार में मां माया देवी और छोटा भाई श्रेय गुप्ता हैं। पिता जितेंद्र कुमार की करीब 15 साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी। मां घरों में खाना बनाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। परिवार की जिम्मेदारी में हाथ बंटाने के लिए मिहिर नौकरी करता था। छोटे भाई श्रेय ने बताया कि गुरुवार सुबह परिवार के सभी सदस्य काम पर चले गए थे।

रात करीब नौ बजे मिहिर घर लौटा और अपने कमरे में चला गया। देर रात ड्यूटी पर जाने के लिए दोस्त ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन काल रिसीव नहीं हुई इस पर दोस्त घर पहुंचा। दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से झांककर देखा तो मिहिर का शव फंदे से लटक रहा था। इसके बाद उसने स्वजन को सूचना दी। बेटे का शव देखकर मां और भाई बदहवास हो गए।

स्वजन के मुताबिक, मिहिर ने करीब एक साल पहले सात लाख रुपये का होम लोन लिया था। इसकी हर महीने 12 हजार रुपये की किस्त जमा करनी पड़ती थी। इसके अलावा वह कन्नौज के ठठिया थाने में दर्ज पाक्सो के मुकदमे को लेकर भी परेशान रहता था।

मां माया देवी ने बताया कि पिछले साल एक युवती ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में मिहिर करीब आठ महीने जेल में रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद भी उसे मुकदमे की सुनवाई के लिए हर महीने कन्नौज जाना पड़ता था।

भाई के मुताबिक, लोन की किस्त और मुकदमे को लेकर वह तनाव में था। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि स्वजन ने होमलोन और मुकदमे के कारण युवक के तनाव में रहने की जानकारी दी है।

इधर, ड्यूटी से घर लौट रहे बाइक सवार फैक्ट्रीकर्मी की तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत

गुजैनी में गुरुवार रात बाइक से घर लौट रहे फैक्ट्रीकर्मी को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। बर्रा विश्व बैंक कालोनी निवासी 31 वर्षीय उत्कर्ष मिश्रा कानपुर देहात की रनियां स्थित एक फैक्ट्री में काम करते थे। परिवार में पिता रामशंकर,मां सुशीला और तीन भाई अनिरुद्ध,आशीष और प्रशांत हैं। स्वजन ने बताया कि छह माह पूर्व पत्नी जया का निधन हो गया था। उत्कर्ष के दो बच्चे अवि और श्योर बच्चे हैं।

भाइयों ने बताया कि गुरुवार रात उत्कर्ष बाइक से फैक्ट्री से घर लौट रहा था। तभी गुजैनी हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस गंभीर हालत में उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गई जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि स्वजन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर आसपास के सीसी फुटेज देखे जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।