रौब और रफ्तार पीछे छुपा खौफनाक सच, जानें कौन है कानपुर में लैंबोर्गिनी से रौंदने वाला शिवम मिश्रा
कानपुर में लैंबोर्गिनी हादसे ने तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा की लग्जरी लाइफ और विवादों को उजागर किया है। ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर में लैंबोर्गिनी हादसे में तीन लोग घायल हुए।
आरोपी शिवम मिश्रा की 50 करोड़ की सुपरकारें और विवाद।
मार्च में आयकर छापों और विवादों में भी रहे शिवम।
जागरण संवाददाता, कानपुर। Kanpur Lamborghini case: कानपुर के लैंबोर्गिनी हादसे से रईसी, रौब और रफ्तार के पीछे खौफनाक सच को उजागर कर दिया है। रविवार को हुए हादसे के बाद आरोपी शिवम मिश्रा का नाम सामने आते ही उसकी लग्जरी लाइफ चर्चा का केंद्र बन गई। करोड़ों की सुपरकारों का शौक, 50 करोड़ से ज्यादा कीमत की गाड़ियों का कलेक्शन और हाथ में हीरे की महंगी घड़ी, ये शिवम की रौबदार लाइफ का हिस्सा है। लेकिन इसके पीछे और भी खौफनाक सच छिपे हैं।
दरअसल, भैरोघाट चौराहे पर रविवार दोपहर दिल्ली के वसंत विहार निवासी तंबाकू कारोबारी के बेटे की लैंबार्गिनी कार से हादसा हुआ। कार से चालक आटो और एक बुलेट में टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से टकराया। हादसे में बुलेट सवार ममेरे भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए, जिसमें एक युवक कार की टक्कर से उछलकर लगभग 10 मीटर दूर जा गिरा। लोगों की भीड़ जुटी तो पीछे से फार्च्यूनर से आए बाउंसर ने भीड़ को हटवाया।
यहां से मामले ने तूल पकड़ा
बाउंसरों संग दिल्ली पुलिस के कुछ सिपाही भी थे। ग्वालटोली थाना पुलिस ने घायलों और शीशा तोड़कर निकाले गए कार सवार कारोबारी के घायल बेटे को अस्पताल भेजा। पुलिस कार को जब थाने ले गई तो वहां कारोबारी बेटे के बाउंसर और परिचित लोग पीड़ितों से अभद्रता कर हंगामा करने लगे। एक पीड़ित ने कार सवार के खिलाफ तहरीर दी है। थाने में तंबाकू कारोबारी के कार चालक बेटे ने अपना पता आर्यनगर दर्ज कराया है। जब लोगों का आक्रोश बढ़ा तो शिवम मिश्रा पर केस दर्ज किया गया।
आयकर छापों और विवादों से नाता
इंटरनेट मीडिया पर हादसे की चर्चा शुरू हुई तो शिवम मिश्रा के कई विवाद वायरल होने लगे। मार्च 2024 में केके मिश्रा का परिवार तब चर्चा में आया था जब आयकर विभाग ने इनके 20 ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में कर चोरी और बेहिसाब संपत्ति का पता चला था। छापेमारी के दौरान दिल्ली वाले घर से भारी नकदी और हीरे की घड़ियां मिली थीं। उस समय एक बड़ा विवाद तब हुआ जब अधिकारियों पर कथित तौर पर पिस्टल तानने का आरोप लगाया था। इस घटना ने शिवम मिश्रा को चर्चित कर दिया था और अब कार हादसे ने उनके नाम को फिर विवादों में ला दिया है।
सुपर लग्जरी कारों और घड़ियों का शौक
शिवम मिश्रा अपनी रइसी और बेहद महंगे शौक के लिए जाने जाते हैं। उनके पास दुनिया की सबसे महंगी कारों का कलेक्शन है। जिसमें रोल्स रायस, लैंबार्गिनी, फेरारी, मैकलेरन और पोर्श जैसी गाड़ियां शामिल हैं। कारों के अलावा वह करोड़ों रुपये की ब्रांडेड और हीरों की घड़ियों के भी शौकीन हैं. यही आलीशान लाइफस्टाइल अक्सर उन्हें चर्चा का केंद्र बनाए रखती है।
