कानपुर हमीरपुर हाईवे पर हादसे और वाहन खराबी से भीषण जाम, दूल्हे की बारात भी फंसी
शनिवार रात डंपरों की टक्कर और रविवार सुबह यमुना पुल पर खराब डंपर के कारण कानपुर-हमीरपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इस जाम से यात्रियों को भारी परेशानी हुई, जिसमें एक दूल्हे की बारात भी फंसी रही।

HighLights
शनिवार रात दो डंपरों की टक्कर से हाईवे जाम हुआ।
रविवार सुबह खराब डंपर ने यमुना पुल पर जाम बढ़ाया।
दूल्हे की बारात समेत यात्री घंटों जाम में फंसे रहे।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हादसे और वाहन खराबी के चलते एक बार फिर से कानपुर हमीरपुर हाईवे पर जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। शनिवार की रात दो डंपरों की भिड़ंत के चलते जहां छह घंटे तक हाईवे जाम रहा। वहीं रविवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे डस्ट से भरा डंपर खराब होने से डेढ़ घंटे तक हाईवे पर जाम की समस्या बनी रही। जिसके कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस जाम में दूल्हे राजा भी फंसे नजर आए।
शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे कानपुर हमीरपुर हाईवे स्थित राठ तिराहे के पास तेज रफ्तार डंपर हाईवे के बीचोबीच लगे बैरियर को तोड़ता हुआ दूसरी साइड चला गया और सामने से आ रहे डंपर से टकरा गया। जिसके कारण हाईवे पर जाम की समस्या हो गई। रात करीब साढ़े आठ बजे लगा यह जाम रविवार की सुबह तड़के करीब साढ़े तीन बजे तक लगा रहा।
जिसमें सजेती थानाक्षेत्र के दुर्गा मोड़ से लेकर चंदौखी मोड़ तक करीब 15 किमी.तक सात घंटे हाईवे जाम लगा रहा। यातायात टीम ने क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाया। जिसके बाद सुबह किसी तरह से हाईवे जाम से छूटा और वाहनों का संचालन शुरू हुआ।
वहीं दोपहर करीब साढ़े 12 बजे महोबा से डस्ट लेकर कानपुर की ओर जा रहा डंपर कानपुर हमीरपुर हाईवे स्थित यमुना पुल के बीचोबीच खराब हो गया। जिससे फिर जाम की समस्या पैदा हो गई और करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे पर वाहनों की कतारें देखने को मिली।
यातायात और पुलिस की टीमें वाहनों का संचालन कराती नजर आईं। इस हाईवे पर लगने वाले जाम के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यातायात प्रभारी नन्हेलाल यादव ने बताया कि शनिवार की रात में हुए हादसे और रविवार की दोपहर डंपर की खराबी के कारण जाम की समस्या रही। मौजूदा समय में पूरी तरह से हाईवे जाम से मुक्त है।
जाम में फंसी दूल्हे राजा की सजी धजी कार
कानपुर हमीरपुर हाईवे पर लगे इस जाम में दूल्हेराजा इरफान की भी कार फंस गई। जिनकी बरात ललपुरा जा रही थी। करीब आधे घंटे तक उनकी गाड़ी जाम में फंसी रही। जिसमें दूल्हे राजाा समेत उनकी गाड़ी में बैठे अन्य लोगों को भी समस्या हुई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।