विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में आज से 7 दिन तीन मल्टीलेवल पार्किंग निश्शुल्क, रामलीला मैदान पर भी खड़ा करें वाहन

Published: Wed, 04 Nov 2026 05:20 AM (IST)

कानपुर में दीपावली के मद्देनजर फूलबाग, परेड और पनचक्की की तीन मल्टीलेवल पार्किंग व रामलीला मैदान को अगले सात दिनों ...और पढ़ें

फूलबाग स्थित मल्टीलेबल कार पार्किंग। जागरण आर्काइव

फूलबाग स्थित मल्टीलेबल कार पार्किंग। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. कानपुर में तीन मल्टीलेवल पार्किंग सात दिन मुफ्त।

  2. दीपावली पर्व के लिए मंडलायुक्त का महत्वपूर्ण फैसला।

  3. नवीन मार्केट, बिरहाना रोड पर जाम से मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, कानपुर। फूलबाग, परेड और पनचक्की में स्थित केडीए की मल्टीलेवल पार्किंग को अगले सात दिनों के लिए निश्शुल्क कर दिया गया है। साथ ही परेड स्थित रामलीला मैदान को भी खोल दिया गया है, यहां भी निश्शुल्क वाहन खड़े कर सकेंगे। ये व्यवस्था बुधवार से ही लागू कर दी गई है।

इससे नवीन मार्केट, बिरहाना रोड समेत आसपास इलाके में वाहनों के जाम से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। वैसे, अभी तक इन पार्किंग में आसपास मोहल्ले के लोग ही अपने वाहन खड़ा करते थे और ठेकेदार को महीने के हिसाब में किराया देते हैं। निश्शुल्क पार्किंग व्यवस्था दीपावली पर्व को लेकर अगले सात दिनों तक आमजन को दी गई है।

मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने बताया कि मंगलवार शाम उनके शिविर कार्यालय में हुई बैठक में कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष से बातचीत के बाद निश्शुल्क पार्किंग का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि परेड में रामलीला मैदान में भी लोगों को अस्थाई निश्शुल्क पार्किंग दी गई है, लोग अपने वाहन वहां खड़े कर सकते हैं।

मंडलायुक्त ने बताया कि दीपावली पर आसपास के जनपदों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए शहर आते हैं। पार्किंग स्थलों का उपयोग बढ़ने से प्रमुख बाजारों के आसपास सड़क किनारे वाहनों का जमाव कम होगा और यातायात बेहतर रहेगा। दरअसल, परेड और आसपास लगभग हर रोज लगने वाले भीषण जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के इरादे से केडीए ने मल्टीलेवल पार्किंग बना रखी है, लेकिन लोग उसमें वाहन खड़े नहीं कर रहे थे। मार्गों के किनारे वाहन खड़े होने से जाम लग रहा है, पर अब मंडलायुक्त के फैसले के बाद लोगों को नवीन मार्केट, फूलबाग और बिरहाना की ओर जाम न लगने की उम्मीद हो गई है।

ये भी जानें

  • परेड चौराहे पर पांच मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग बनी है। इसमें 392 कार और 133 बाइकों की क्षमता है।
  • फूलबाग चौराहे पर अंडरग्राउंड में दो मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग है। इसमें 492 कार व 100 बाइकों के खड़ा करने की क्षमता है।
  • कैनाल पटरी मल्टीलेवल पार्किंग पनचक्की चौराहे के मोड़ पर है। इसमें 80 कार और 150 बाइकों की क्षमता है।
  • शहर में 42 स्मार्ट पार्किंग बनी हैं, जो निश्शुल्क हैं।
  • अटल घाट और नगर निगम परिसर में पार्किंग शुल्क लिया जाता है।
  • वीआइपी रोड पर एक और मल्टी लेवल पार्किंग खाली पड़ी है। जिला प्रशासन इसका भी उपयोग कर सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।