कानपुर में शॉर्ट सर्किट से साइकिल पार्ट्स के गोदाम में लगी आग, मची अफरातफरी
कानपुर के किदवईनगर में पद्मनाभ स्वामी मंदिर के पास एक साइकिल पार्ट्स के गोदाम में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई।

HighLights
किदवईनगर में साइकिल पार्ट्स गोदाम में देर रात लगी आग।
शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्राथमिक कारण बताया गया।
दमकलकर्मियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। किदवईनगर के ब्लॉक स्थित पद्मनाभ स्वामी मंदिर के पास बुधवार देर रात साइकिल पार्ट्स के गोदाम में आग लग गई। दो मंजिला मकान में बने गोदाम से उठती आग की लपटें और धुएं देखकर इलाके में अफरातफरी मच गई।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। किदवईनगर और चकेरी फायर स्टेशन से पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू की। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का प्रयास जारी था। काकादेव निवासी राजीव साहनी का किदवईनगर के ब्लॉक के पॉश इलाके में साहनी इंडस्ट्रीज के नाम से साइकिल पार्ट्स का गोदाम है।

करीब एक हजार वर्गगज में बने इस गोदाम की दोनों मंजिलों में साइकिल के पार्ट्स समेत अन्य सामान भरा हुआ था। बुधवार देर रात अचानक गोदाम के भूतल में पिछले हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे तल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने गोदाम मालिक और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर किदवईनगर और चकेरी फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता और गोदाम में रखे टायर, प्लास्टिक व अन्य ज्वलनशील सामान के कारण अंदर घना धुआं भर गया था। इससे दमकलकर्मियों को राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कर्मियों ने एंटी स्मोक मास्क लगाकर हौज पाइप के सहारे गोदाम के अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। दमकल की टीमों ने कई गाड़ियों की मदद से आग बुझाने के प्रयास जारी है। कोई हताहत नहीं हुआ है।
धुएं से सांस लेना हुआ दूभर
गोदाम घनी आबादी वाले पॉश रिहायशी इलाके में स्थित है। आसपास मकानों के अलावा कुछ दूरी पर दो नामी स्कूल भी हैं। गोदाम में रखे टायर, प्लास्टिक और अन्य सामान के जलने से निकला काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। इससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी।
आग और धुएं को देखकर इलाके में काफी देर तक दहशत का माहौल रहा। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर लोगों को राहत पहुंचाई।
यह भी पढ़ें- 'आज आखिरी बार प्यार से बात कर लो...' कहकर प्रेमिका के सामने कानपुर में शॉपिंग कांप्लेक्स से कूदा प्रेमी, मौत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।