'छेड़छाड़ की तो खोल दूंगा खोपड़ी...' कानपुर में शोहदे की घिनौनी हरकत से आजिज पिता ने आरोपित के बाप पर ताना तमंचा
कानपुर में एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ से परेशान पिता ने आरोपित के वकील पिता पर तमंचा तान दिया, जिसके ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
किशोरी के पिता ने छेड़छाड़ के आरोपित के पिता पर तमंचा ताना।
घटना का वीडियो वायरल होने पर पिता पर मुकदमा दर्ज हुआ।
किशोरी ने एक्स पर वीडियो साझा कर न्याय की गुहार लगाई।
जागरण संवाददाता, कानपुर। हंसने-खेलने, पढ़ने और बेफिक्र होकर दौड़ने की उम्र में बर्रा की एक किशोरी पड़ोस में रहने वाले शोहदे की हरकतों के चलते घर से बाहर नहीं निकल पा रही है। इससे आजिज आकर किशोरी के पिता ने आरोपित युवक के अधिवक्ता पिता पर तमंचा तान दिया और चेतावनी दी कि दोबारा छेड़छाड़ हुई तो खोपड़ी खोल दूंगा। घटना 27 जून की है।
इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रचलित हुआ तो किशोरी के पिता पर मुकदमा दर्ज हो गया। अब किशोरी ने पिता के एक्स अकाउंट से वीडियो साझा कर न्याय की गुहार लगाई है। उसने रोते हुए आरोप लगाया है कि युवक उसके घर से बाहर निकलते ही छत से अश्लील इशारे करता है। पकड़ने की कोशिश करता है। वहीं, पिता ने भी एक्स पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि बाद में मोमबत्तियां जलाने से बेहतर है, आज ही एक मासूम बच्ची के लिए आवाज उठाई जाए।
बर्रा में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी ने छह जुलाई को अपने पिता के एक्स अकाउंट पर छेड़छाड़ का वीडियो प्रसारित किया था। अगले दिन मंगलवार को मामला इंटरनेट मीडिया में चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में छत की बालकनी पर खड़े लड़के को दिखाते हुए किशोरी कहती है कि मैं जब भी घर से बाहर निकलती हूं, वह अपनी छत से गंदे-गंदे इशारे करता है।
सीटी बजाकर परेशान करता है। पापा ने मुझे साइकिल दिलाई है। मैं साइकिल चलाने जाती हूं तो मुझे पकड़ने आ जाता है। वह मेरा पीछा करता है। किशोरी ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि उसकी मां कई बार शिकायत लेकर आरोपित के घर गईं, लेकिन वहां उन्हें गालियां देकर भगा दिया गया।
एक वीडियो में युवक को अश्लील इशारे करते हुए भी दिखाया गया है। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज कराया गया है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री और पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
किशोरी के पिता ने भी एक्स अकाउंट पर पोस्ट लिखा कि बच्ची लंबे समय से उत्पीड़न का शिकार है और आरोपित पक्ष प्रभाव के दम पर मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। आखिर कब तक हमारी बेटियां अपने ही घर के बाहर निकलने, साइकिल चलाने या सांस लेने से भी डरती रहेंगी? क्या प्रशासन किसी बड़ी वारदात के होने का इंतज़ार कर रहा है? मुख्यमंत्री और कानपुर पुलिस से हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि इस रसूखदार परिवार की गर्मी शांत की जाए और इस बेटी को तुरंत सुरक्षा और न्याय दिया जाए।
आरोपित के पिता पर तान दिया था तमंचा
27 जून को इसी मामले को लेकर किशोरी के पिता ने आरोपित युवक के अधिवक्ता पिता के सिर पर तमंचा तान दिया था। घटना का सीसी वीडियो भी सामने आया था। उस दौरान उन्होंने चेतावनी दी थी कि दोबारा बेटी से छेड़छाड़ हुई तो गोली मार देंगे। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर बर्रा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस किशोरी के पिता की तलाश कर रही है।
