चालान कटेगा तो आपके वाट्सएप पर आएगा क्यूआर कोड, अब कानपुर में घर बैठे भरिए जुर्माना
कानपुर में 'नेक्स्ट जेन 2.0' ई-चालान एप्लीकेशन अपडेट हो गया है, जिससे अब हेलमेट न पहनने वाले पिछली सीट के ...और पढ़ें

HighLights
'नेक्स्ट जेन 2.0' ई-चालान एप्लीकेशन अब अपडेट हो गया है
पीछे बैठी सवारी का भी हेलमेट न होने पर कटेगा चालान
चालान का क्यूआर कोड वॉट्सएप पर मिलेगा, घर बैठे भुगतान
जागरण संवाददाता, कानपुर। परिवहन विभाग में ई-चालान एप्लीकेशन पर नया वर्जन अपडेट हो गया है। इसी के साथ ही पांच दिन बाद सोमवार से चालान की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। शुरू हुए ''''नेक्स्ट जेन 2.0'''' ई-चालान एप्लीकेशन में परिवहन विभाग को अब दोपहिया वाहन की पिछली सीट पर बिना हेलमेट बैठी सवारी का चालान काटने का भी विकल्प मिल गया है। यही नहीं, नशे की हालत में वाहन चलाने पर भी कार्रवाई करने के लिए नया विकल्प शामिल हो गया है। बाइक-स्कूटी पर पीछे बैठकर बिना हेलमेट फर्राटा भरने वालों के विरुद्ध कार्रवाई हो सकेगी।
ई-चालान एप्लीकेशन अपडेशन की वजह से पांच दिनों तक एक भी वाहन का ई-चालान नहीं काटा जा सका था। एप्लीकेशन अपडेट होने की वजह से 23 सितंबर से चालान की कार्रवाई बंद थी। एप के अपडेट वर्जन में अब वाहन स्वामी को चालान भरने के लिए सरकारी कार्यालय नहीं जाना होगा। वाहन स्वामी के वाट्सएप पर चालान के साथ क्यूआर कोड भी आ जाएगा। इस पर घर बैठे जुर्माना राशि अदा किया जा सकेगा।
परिवहन विभाग के यात्री कर अधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि ई-चालान एप्लीकेशन अपडेशन हो गया है और इसी के साथ ही 150 वाहनों के चालान किए गए हैं। इस नए एप्लीकेशन में अभी कुछ कठिनाईयां देखने को मिल रही है। पुराने सर्वर का डेटा अभी अपलोड नहीं हो पाया है।
ट्रैफिक पुलिस में शनिवार से बंद चालान की कार्रवाई
एसीपी ट्रैफिक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस का अलग-अलग ई-चालान एप्लीकेशन है। पुलिस विभाग का ई-चालान एप्लीकेशन अपडेशन शनिवार से चल रहा है, जिस पर अभी काम चल ही रहा है। इसी वजह से यातायात उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई ठप है।
परमिट शर्तों के उल्लंघन में स्लीपर बसों के चालान
एआरटीओ बिंध्याचल गुप्ता ने बताया कि सोमवार को शहर के विभिन्न क्षेत्र जैसे सचेंडी, नौबस्ता, पनकी व अन्य स्थलों पर लंबी दूरी तय करने वाली स्लीपर बसों समेत 15 वाहनों के विरुद्ध परमिट शर्तों के उल्लंघन में चालान किए गए हैं। इसके अलावा उन बसों में फिटनेस, परमिट, अग्निशमन यंत्र की वैधता, बस की बाडी के मानक जांचे गए हैं। इनमें परमिट उल्लंघन के मामले मिले हैं, जिनके तहत कार्रवाई की गई है।
