विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में जयमाल के बाद दहेज की मांग पर शादी टूटी, दूल्हन बिन लौट गई बरात

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:48 PM (IST)

कानपुर के गोविंदनगर में जयमाल के बाद दहेज की मांग को लेकर शादी टूट गई। दूल्हे की बहन ने तीन लाख रुपये और सोने की चेन की मांग की, जिसके बाद विवाद गहराया और बारात दुल्हन के बिना ही लौट गई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. जयमाल के बाद दहेज की मांग पर शादी रद्द हुई।

  2. दूल्हे की बहन ने तीन लाख रुपये, सोने की चेन मांगी।

  3. रातभर विवाद के बाद दूल्हा दुल्हन के बिना लौटा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। जिस घर में बेटी की शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां कुछ ही घंटों में खुशियां मातम में बदल गईं। माता-पिता ने जिस बेटी को दुल्हन बनाकर विदा करने के सपने संजोए थे, उसकी डोली उठने से पहले ही बारात लौट गई। जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद फेरों से ठीक पहले दहेज की मांग को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि पूरी रात गेस्ट हाउस में हंगामा चलता रहा। शनिवार सुबह चार बजे दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर लौट गया।


गोविंदनगर निवासी पुताई कारीगर ने अपनी बेटी का रिश्ता शिवराजपुर के आंबेडकर नगर निवासी महेश चंद्र के बेटे आलोक से तय किया था। आलोक दिल्ली के एक स्वीट हाउस में नौकरी करता है। शुक्रवार को गेस्ट हाउस में शादी समारोह था। घराती बारातियों के स्वागत में जुटे थे। शाम को बैंडबाजे के साथ बारात पहुंची।

हंसी-खुशी के माहौल में स्वागत हुआ और जयमाल की रस्म भी पूरी हो गई। इसके बाद सभी को सात फेरों और बेटी की विदाई का इंतजार था। आरोप है कि तभी दूल्हे की बहन शील प्रभा ने शादी में हुए पूरे खर्च की रकम और दूल्हे को सोने की चेन देने की मांग रख दी। शील प्रभा दिल्ली में सरकारी शिक्षक हैं। कहा कि शादी का पूरा खर्च उन्होंने उठाया है।

मांग पूरी होने के बाद ही फेरे होंगे। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। रातभर मान-मनौव्वल और बातचीत के बाद भी बात नहीं बनी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूल्हा और उसके परिवार ने दहेज में तीन लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर शादी से इन्कार कर दिया। सुबह चार बजे बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई।

बेटी के हाथों की मेहंदी और शादी के अरमान अधूरे रह गए। पीड़िता ने दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ थाने में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। गोविंद नगर थानाप्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी बातचीत चल रही है। अगर, बात नहीं बनती तो फिर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।