कानपुर में डेंगू के प्रकोप से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, एक दिन में दर्ज हुए 30 नए केस
कानपुर में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है, गुरुवार को एक दिन में सर्वाधिक 30 नए मरीज मिले।

स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर प्रभावित शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में टीमें सक्रिय कर दी हैं।
HighLights
गुरुवार को कानपुर में 30 नए डेंगू मरीज मिले।
यह इस सीजन में एक दिन में सर्वाधिक संख्या है।
स्वास्थ्य विभाग ने हॉटस्पॉट क्षेत्रों में टीमें सक्रिय कीं।
जागरण संवाददाता, कानपुर। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को इस सीजन में एक दिन में सर्वाधिक 30 नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की जांच में 19 और जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलाजी विभाग से 11 संक्रमित मिले हैं। एक साथ इतने मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के चिह्नित हाट स्पाट बिल्हौर, चौबेपुर, पनकी, बर्रा, दादानगर और घाटमपुर सहित 10 से अधिक इलाकों में संचारी रोग व मलेरिया विभाग की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव और घरों में सफाई के कारण मच्छरों का फैलाव बढ़ गया है।
जिले में जनवरी से अब तक 380 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले बच्चों व बुजुर्गों पर ज्यादा असर दिख रहा है। उधर, एलएलआर अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में बुखार और जोड़ों में दर्द से पीड़ित 130 से अधिक मरीज पहुंचे।
डॉ. जेएस कुशवाहा ने बताया कि गंभीर लक्षण वाले 20 मरीजों को वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। इन मरीजों में शरीर में दर्द, त्वचा पर चकत्ते, उल्टी व दस्त की शिकायत थी।
यह भी पढ़ें- संभल में डेंगू का कहर: पांच साल की बच्ची की मौत, 25 हजार खर्चे फिर भी नहीं बची जान