Kanpur Defense Corridor: दूसरे चरण से बदलेगी इन तीन गांवों की तस्वीर, 113.57 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण को मिली मंजूरी
कानपुर डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के दूसरे चरण के लिए महाराजपुर, फुफवार सुईथोक और हाथीपुर गांवों में 113.57 हेक्टेयर निजी भूमि ...और पढ़ें

HighLights
महराजपुर, फुफवार सुईथोक और हाथीपुर में आपसी सहमति से होगी जमीन खरीद
जमीन खरीद और मुआवजे के लिए 394.39 करोड़ रुपये का बजट मिला
फुफवार सुईथोक में 36.6812 हेक्टेयर और हाथीपुर में 11.8000 हेक्टेयर निजी भूमि ली जाएगी
जागरण संवाददाता, कानपुर। डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर नोड के दूसरे चरण के लिए जमीन खरीद के लिए बजट शासन ने जारी कर दिया। परियोजना के लिए तहसील नरवल क्षेत्र के तीन गांवों में 113.5752 हेक्टेयर निजी भूमि खरीदी जाएगी। महराजपुर, फुफवार सुईथोक और हाथीपुर में जमीन खरीद और अन्य संपत्तियों के मुआवजे के लिए 394 करोड़ 39 लाख 73 हजार 934 रुपये का बजट जारी किया गया है।
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि भूमि की खरीद शासनादेश में निर्धारित व्यवस्था के तहत किसानों से आपसी सहमति के आधार पर की जाएगी। डिफेंस कारिडोर के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति ने 14 जुलाई को हुई बैठक में भूमि की दर और कुल मूल्य की संस्तुति की गई थी। डिफेंस कारिडोर के दूसरे चरण के लिए सबसे अधिक 65.0940 हेक्टेयर भूमि महराजपुर में खरीदी जाएगी।
इसके अलावा फुफवार सुईथोक में 36.6812 हेक्टेयर और हाथीपुर में 11.8000 हेक्टेयर निजी भूमि ली जाएगी। भूमि का मूल्यांकन डीएम सर्किल रेट की चार गुनी दर के आधार पर किया गया है। कुल 113.5752 हेक्टेयर भूमि का मूल्य 392 करोड़ पांच लाख 44 हजार 480 रुपये आंका गया है। वहीं भूमि पर मौजूद परिसंपत्तियों का मूल्यांकन दो करोड़ 34 लाख 29 हजार 454 रुपये का बजट मिला है।
ग्रामवार भुगतान की बात करें तो महराजपुर में भूमि और परिसंपत्तियों के लिए 249 करोड़ 99 लाख 68 हजार 938 रुपये, फुफवार सुईथोक में 102 करोड़ 31 लाख 85 हजार 576 रुपये और हाथीपुर में 42 करोड़ आठ लाख 19 हजार 420 रुपये का मुआवजा वितरित किया जाएगा। इससे पहले वर्ष 2023 साढ़ स्थित डिफेंस कारिडोर में अभी तक 206 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई थी। जिसमें से 200 हेक्टेयर जमीन पर अदाणी समूह ने अपनी पहली यूनिट शुरू भी कर दी है। इसके अलावा बाकी जमीन पर एमकेयू, डेल्टाकार्प अपनी इकाइयों का निर्माण कार्य करा रही हैं।
स्टाम्प और निबंधन शुल्क भी अलग से
भूमि खरीद की कुल मूल्यांकित धनराशि पर सात प्रतिशत स्टाम्प शुल्क के रूप में 27 करोड़ 60 लाख 78 हजार 175 रुपये तथा एक प्रतिशत निबंधन शुल्क के रूप में तीन करोड़ 94 लाख 39 हजार 739 रुपये अलग से दिया जाएगा। यह राशि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर दी जाएगी।
डिफेंस इंडस्ट्रियल कारिडोर के कानपुर नोड के दूसरे चरण के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया को मंजूरी मिल गई है। महराजपुर, फुफवार सुईथोक और हाथीपुर में 113.57 हेक्टेयर निजी भूमि आपसी सहमति से खरीदी जाएगी। भूमि स्वामियों को निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शी प्रक्रिया से भुगतान किया जाएगा। भूमि खरीद की कार्रवाई शीघ्र पूरी कराकर परियोजना के दूसरे चरण के विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
जितेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी
यह भी पढ़ें- कानपुर के दो महाठग ने की 5600 करोड़ की सबसे बड़ी साइबर ठगी, लुकआउट नोटिस के बाद हैदराबाद से गिरफ्तार, दोनों पर 86 केस
