माता-पिता के चरणों में झुके बच्चे तो छलक उठीं आंखें, कानपुर में दिखी संस्कारों की अनूठी तस्वीर
कानपुर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले में सैकड़ों परिवारों ने मातृ-पितृ वंदन किया। इस आयोजन में बच्चों ने माता-पिता का पूजन कर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

HighLights
सैकड़ों परिवारों ने बृजेंद्र स्वरूप पार्क में किया मातृ-पितृ वंदन।
कुलपति प्रो. विनय पाठक ने भी अपने पिता का पूजन किया।
कार्यक्रम ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के महत्व को दर्शाया।
जागरण संवाददाता, कानपुर। किसी ने माता के चरणों में सिर झुकाया तो किसी ने पिता का हाथ थामकर उनका आशीर्वाद लिया। बच्चों ने माता-पिता का तिलक किया, पुष्प अर्पित किए और आरती उतारी तो कई चेहरे भावुक हो उठे। मौका था बेनाझाबर के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में आयोजित हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के चतुर्थ दिवस पर मातृ-पितृ वंदन का। यहां सैकड़ों परिवारों ने एक साथ माता-पिता का पूजन कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव व्यक्त किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित मातृ-पितृ वंदन में कुलपति प्रो. विनय पाठक ने अपने पिता का पूजन किया, वहीं उनके बच्चों ने उनका पूजन कर आशीर्वाद लिया। डा. उमेश पाल भी अपनी पत्नी के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। उनके बच्चों ने माता-पिता का पूजन कर आरती उतारी। पंडाल में मौजूद अन्य परिवारों ने भी इसी परंपरा का निर्वहन किया। पूरे आयोजन के दौरान भारतीय परिवार व्यवस्था, संस्कार और माता-पिता के प्रति सम्मान का भाव दिखाई दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भवानी भीख तिवारी ने कहा कि शहर में मेले को लेकर खासा उत्साह है। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से लोगों को सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मातृ-पितृ पूजन हमारी सदियों पुरानी परंपरा है। भगवान गणेश ने माता-पिता को ही अपना संसार और तीर्थ मानकर उनकी परिक्रमा की थी। भगवान राम ने पिता के वचन का पालन करते हुए राजपाट छोड़ वनवास स्वीकार किया।
वहीं श्रवण कुमार ने माता-पिता को कंधे पर बैठाकर तीर्थयात्रा कराई। ये प्रसंग माता-पिता के सम्मान की सीख देते हैं। कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय पाठक ने कहा कि आज के युवा पश्चिमी संस्कृति के प्रभाव में अपनी परंपराओं से दूर हो रहे हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। माता धरती से बड़ी और पिता आकाश से ऊंचा है।
माता-पिता का आशीर्वाद साथ हो तो व्यक्ति जीवन में कुछ भी हासिल कर सकता है। मेले के संयोजक गुणवंत कोठारी ने कहा कि हिंदू धर्म में माता-पिता देवतुल्य हैं। प्रत्येक व्यक्ति में उनके प्रति भक्ति और सम्मान का भाव होना जरूरी है। कर्तव्यों से जुड़ा माइंडसेट ही परिवार और परंपराओं का महत्व बनाए रख सकता है। ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़े रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।