विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में 27 नवंबर से होगा दो दिवसीय रीजनल कांफ्रेंस 'सृजन' का आयोजन, जुटेंगे देशभर के 1000 से ज्यादा सीए

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:21 AM (IST)

कानपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की 46वीं रीजनल कांफ्रेंस 'सृजन' का आयोजन 27-28 नवंबर को होगा।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. कानपुर में 27-28 नवंबर को 46वीं रीजनल कांफ्रेंस 'सृजन' का आयोजन।

  2. देशभर से एक हजार से अधिक सीए बदलती तकनीक पर करेंगे चर्चा।

  3. सम्मेलन में एआई, जीएसटी, उद्यमिता जैसे विषयों पर सत्र होंगे।

जागरण संवाददाता, कानपुर। चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में बदलती तकनीक, नए कारोबारी अवसरों और आर्थिक चुनौतियों पर मंथन के लिए देशभर के एक हजार से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) कानपुर में जुटेंगे। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) की ओर से करीब एक दशक बाद शहर में 46वीं रीजनल कांफ्रेंस 'सृजन' का आयोजन किया जा रहा है। 27 और 28 नवंबर को मोतीझील स्थित लाजपत भवन में होने वाले इस सम्मेलन की थीम 'रीइमेजिनिंग एंड रीबिल्डिंग' रखी गई है।

सीआईआरसी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों से विशेषज्ञ और सीए शामिल होंगे। दो दिवसीय आयोजन में प्रतिभागियों को 12 स्ट्रक्चर्ड कंटीन्यूइंग प्रोफेशनल एजुकेशन (सीपीई) आवर्स भी मिलेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य सीए पेशेवरों को बदलते कारोबारी परिवेश, तकनीकी नवाचार और नए नियामकीय प्रावधानों से जोड़ना है।

सम्मेलन के पहले दिन 27 नवंबर को बेंगलुरु के सीए नरसिम्हन एलंगोवन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के दौर में सीए की बदलती भूमिका पर चर्चा करेंगे। नई दिल्ली के सीए गिरीश आहूजा विदेशी रेमिटेंस, टीडीएस और डीटीएए के प्रावधानों की जानकारी देंगे।

अहमदाबाद के सीए अनिकेत तलाटी टियर-2 और टियर-3 शहरों में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) की संभावनाओं पर बात करेंगे। वहीं, गुरुग्राम के सीए अमोल खन्ना मर्जर, एक्विजिशन और सक्सेशन प्लानिंग के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालेंगे।

दूसरे दिन 28 नवंबर को अहमदाबाद के सीए अभय देसाई जीएसटी के समसामयिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मुंबई के सीए अमित रतनपाल 'सीए टू फाउंडर' विषय के माध्यम से पेशेवरों को उद्यमिता के अवसरों से परिचित कराएंगे। विशेष सत्र में कानपुर जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के डिप्टी कमिश्नर अंजनीश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश सरकार की सब्सिडी योजनाओं और उनमें चार्टर्ड अकाउंटेंट के लिए उपलब्ध पेशेवर अवसरों की जानकारी देंगे।

इसके अलावा विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) और एसएमई आइपीओ से जुड़े विषय भी चर्चा का हिस्सा होंगे। सम्मेलन की पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी संगठन की वेबसाइट में दी गई है।

यह भी पढ़ें- OPD List: कानपुर, उन्नाव सहित 13 जिलों के प्रमुख अस्पतालों की ओपीडी सूची, आज 11 नवंबर को कौन से डॉक्टर रहेंगे उपलब्ध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।