विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15.51 किमी अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को मिली रफ्तार, 100 स्थानों पर मिट्टी की टेस्टिंग शुरू

Published: Thu, 16 Jul 2026 05:07 AM (IST)

अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का काम तेज हो गया है, जिसके लिए 100 स्थानों पर मिट्टी परीक्षण शुरू हो गया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 100 जगह किया जाना है परीक्षण, अटल स्टेशन के लिए भी जमीन अधिग्रहण शुरू

  2. अनवरगंज-मंधना के बीच 15.51 किलोमीटर लंबे एलीवेटेड रेलवे ट्रैक

  3. रेलवे को करनी है चार हजार दो सौ वर्गमीटर भूमि की खरीद

जागरण संवाददाता, कानपुर। अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक को लेकर काम धरातल पर दिखने लगा है। निर्माण की तैयारियों को लेकर भूमि परीक्षण का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को दो जगहों पर श्रमायुक्त कार्यालय क्रासिंग और पासपोर्ट कार्यालय के पास विशेषज्ञों की टीम ने भूमि की क्षमता का परीक्षण किया। इसके अलावा ट्रैक बनाने के लिए रेलवे ने जीटी रोड की दूसरी तरफ रास्ते को साफ करना शुरू कर दिया है।


अनवरगंज-मंधना के बीच 15.51 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक के निर्माण के लिए करीब 100 स्थानों पर भूमि परीक्षण किया जाना है। इन परीक्षणों के आधार पर पिलरों की गहराई, डिजाइन और निर्माण की तकनीकी रूपरेखा तय होगी। बुधवार को श्रमायुक्त कार्यालय क्रॉसिंग और पासपोर्ट कार्यालय के पास विशेषज्ञों की टीम ने भूमि परीक्षण किया। एलिवेटेड ट्रैक बनने के बाद शहर के कई रेलवे क्रासिंग पर जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

इसके अलावा ट्रेनों का संचालन सुगम होगा। योजना के तहत रावतपुर और कल्याणपुर रेलवे स्टेशनों का भी पुनर्विकास किया जाएगा। दूसरी ओर अटल स्टेशन को लेकर जीटी रोड की दूसरी तरफ रास्ते को साफ करने के अलावा दुकान और भवनों पर लाल निशान लगाना शुरू कर दिया गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही यहां पर तेजी से काम शुरू हो जाएगा। भूमि परीक्षण से जुड़े अधिकारी ने बताया कि 15.5 किमी के क्षेत्र में कई जगह भूमि का परीक्षण किया जाना है। सैंपल लेकर लैब भेजे जाएंगे, जिसके बाद कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

4200 वर्ग मीटर भूमि का किया जाना है अधिग्रहण

अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना के साथ अटल स्टेशन के निर्माण की प्रक्रिया भी गति पकड़ चुकी है। स्टेशन के लिए आवश्यक भूमि के अधिग्रहण का कार्य शुरू कर दिया गया है। रेलवे को इस परियोजना के लिए करीब 4,200 वर्गमीटर भूमि का अधिग्रहण करना है, जिसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है। कुछ स्थानों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।

एलिवेटेड ट्रैक निर्माण एक नजर में

अनुमानित लागत 1115.65 करोड़ रुपये
एलिवेटेड रेलवे ट्रैक 15.51 किलोमीटर (अनवरगंज–मंधना)
कार्य का ठेका 830.90 करोड़ रुपये में राजस्थान की इंफ्रा बिल्ड प्रोजेक्ट कंपनी को
भूमि खरीद 4200 वर्गमीटर
भूमि खरीद वाले गांव बैरी अकबरपुर, जूहीखुर्द, गोसोमऊ, कल्याणपुर कला, बगदौधी बांगर और परगही बांगर (मंधना क्षेत्र)

 

यह भी पढ़ें- पिता करते हैं कपड़ों में प्रेस, बेटी बनी सब इंस्पेक्टर; कानपुर में 8 माह पहले एक दिन की थानेदार शैलजा अब UP Police में