विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर की समस्याओं पर अधिकारियों से सीधे सवाल, बिजली से लेकर साइबर अपराध तक उठे मुद्दे; समाधान का मिला भरोसा

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:08 AM (GMT+05:30)

कानपुर में जागरण विमर्श मंच पर नागरिकों ने अधिकारियों से शहर की समस्याओं पर सीधे सवाल किए। बिजली, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई, अधिकारियों ने समाधान का भरोसा दिया।

विकास का विजन (ओपन सत्र) में सवालों का जवाब देतीं केस्को एमडी नेहा जैन (मध्य में) । साथ में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संतोष कुमार मिश्र (बाएं) व सीडीओ अभिनव जे जैन (दाएं )। जागरण

विकास का विजन (ओपन सत्र) में सवालों का जवाब देतीं केस्को एमडी नेहा जैन (मध्य में) । साथ में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध) संतोष कुमार मिश्र (बाएं) व सीडीओ अभिनव जे जैन (दाएं )। जागरण

HighLights

  1. नागरिकों ने बिजली, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा पर सवाल उठाए।

  2. अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

  3. जनभागीदारी से शहर की तस्वीर बदलने पर जोर दिया।

अंकुश शुक्ल, कानपुर। शासन की योजनाएं, बिजली व्यवस्था से लेकर यातायात, अतिक्रमण, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति तक तथा शहर की समस्याओं पर जागरण विमर्श के मंच पर खुलकर चर्चा हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों, व्यापारियों और विद्यार्थियों व प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के लिए सुझाव भी दिए।

सीडीओ अभिनव जे जैन ने शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी देकर विकास के विजन पर चर्चा की। वहीं, केस्को एमडी नेहा जैन ने बिजली कनेक्शन, बिलिंग, आनलाइन भुगतान और उपभोक्ता सुविधाओं के सवालों के जवाब देकर संतुष्ट किया। इसी प्रकार अपर पुलिस आयुक्त अपराध एवं मुख्यालय संतोष कुमार मिश्र ने महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के कारोबार और यातायात व्यवस्था पर पुलिस की कार्ययोजना बताई। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का भरोसा देकर विकसित कानपुर के विजन की दिशा की जानकारी दी।


केस्को एमडी

नए बिजली कनेक्शन के आवेदन निरस्त होने की समस्या कैसे दूर होगी-?- संतोष निगम, बेनाझाबर
10 किलोवाट तक के कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर आवेदन करें। बड़े कनेक्शन के लिए निवेश मित्र पोर्टल का इस्तेमाल करें। उद्देश्य यह है कि उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े और भ्रष्टाचार की गुंजाइश कम हो।

 


अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के बाद भी कई जगह पुराने खंभे लगे हैं? - सुरेश गुप्ता, सब्जी मंडी।
करीब चार हजार ऐसे खंभे हैं, जिन पर नगर निगम की स्ट्रीट लाइटें भी लगी हैं। इस कारण सभी को हटाना संभव नहीं हो पा रहा है। बाकी जगहों से कई खंभे हटाए जा चुके हैं।



बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर सड़क पर रह जाने से दुर्घटना हो रही है-? - हरी त्रिपाठी, विकास नगर।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान यूटिलिटी शिफ्टिंग का बजट संबंधित विभाग की ओर से दिया जाता है। यदि कहीं खंभे या ट्रांसफार्मर शिफ्ट नहीं किए गए हैं तो संबंधित स्थान की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



भुगतान होने के कई महीनों के बाद पता चलता है कि पैसा खाते में जमा ही नहीं हुआ-? - अंकित कनौजिया, लालबंगला
उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान केस्को की आधिकारिक वेबसाइट या बिल पर दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से कर सकते हैं। भुगतान के बाद उसकी पुष्टि जरूर करें। कनेक्शन कटने का कारण गलत जगह बिल जमा करना हो सकता है।

 

अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय

 

  • महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति और साइबर अपराध पर क्या कदम उठाए जा रहे हैं? - नित्या चावला, काकादेवमिशन शक्ति के तहत पिंक बूथ बनाए गए हैं। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है। स्कूटी के माध्यम से महिला पुलिसकर्मी अधिक क्षेत्रों में पहुंच रही हैं। साइबर अपराध के मामलों में फर्जी अकाउंट, अश्लील तस्वीरों और वीडियो के खिलाफ तत्काल शिकायत करनी चाहिए। साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें।



  • युवाओं में इंटरनेट मीडिया से बढ़ रही नशे की प्रवृत्ति पर पुलिस क्या कर रही है? - समृद्ध तिवारी, बर्रा
  • नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस नेटवर्क और मास्टरमाइंड तक पहुंचकर नशे की सप्लाई चेन तोड़ रही है। गैंग्सटर एक्ट के तहत कार्रवाई और अवैध संपत्तियों की कुर्की भी की जाती है। स्कूल-कालेजों के आसपास नशे से संबंधित कोई जानकारी मिले तो पुलिस को अवश्य दें।



  • बड़े बाजारों में अतिक्रमण का स्थायी समाधान कैसे होगा?- मनोज सिंह, रतनलाल नगर।
  • यातायात की समस्या का बड़ा कारण नागरिक अनुशासन की कमी है। अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा दुकानें लग जाती हैं। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर व्यवस्था सुधारी जाएगी।



  • साइबर ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन की जानकारी नहीं है। यह नंबर पहुंचाने के लिए पुलिस क्या कर रही है? - पायल मिश्रा, विश्वविद्यालय छात्रा।
  • साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के लिए सोशल मीडिया, कार्यशालाओं और प्रचार माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार की ओर से कालर ट्यून और अन्य माध्यमों से भी 1930 हेल्पलाइन का प्रचार किया जा रहा है।



  • ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवा साइबर क्राइम में तेजी से शामिल हो रहे हैं। इसकी रोकथाम कैसे होगी? - रिषभ गौड़, विश्वविद्यालय छात्र
  • ग्रामीण क्षेत्रों में नशे के कारोबार पर लगाम के लिए पिछले दिनों पुलिस ने बड़े स्तर पर इस तरह के कई गैंग को पकड़ा है और कड़ी कार्रवाई की है।

 

इन्होंने किए प्रश्न

अभिषेक, आरती, आशीष मिश्रा, आयुष पांडेय, सत्य नारायण, प्रकाश अवस्थी, त्रिभुवन जैन, अमित रोइया, पुष्पेंद्र जायसवाल, अध्यक्ष, अखिल भारतीय स्वर्णकार विकास परिषद।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।