विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jagran Vimarsh: कभी मैनचेस्टर ऑफ ईस्ट था कानपुर, अब तिरुपुर-लुधियाना से पिछड़ा; उद्यमियों ने बताया कैसे लौटेगी औद्योगिक पहचान

Published: Thu, 19 Nov 2026 11:59 PM (IST)

कानपुर के औद्योगिक भविष्य पर 'जागरण विमर्श' में उद्यमियों और विशेषज्ञों ने शहर की पुरानी गरिमा लौटाने के लिए ब्रांडिंग, तकनीकी उन्नयन और एकल विंडो समन्वय पर जोर दिया। वक्ताओं ने रक्षा क्षेत्र में नए अवसरों, होजरी उद्योग के महत्व और अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए उत्पादन के बावजूद अपनी ब्रांडिंग की कमी पर प्रकाश डाला।

सीएलई मध्य क्षेत्र केे पूर्व अध्यक्ष असद के इराकी (मध्य में) , नार्दर्न इंडिया होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बंका (बाएं से दूसरे), रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता (दाएं से दूसरे )व संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार (दाएं)। सत्र का संचालन लोकल इंचार्ज गौरव दीक्षित (बाएं) ने किया। जागरण

सीएलई मध्य क्षेत्र केे पूर्व अध्यक्ष असद के इराकी (मध्य में) , नार्दर्न इंडिया होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बंका (बाएं से दूसरे), रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता (दाएं से दूसरे )व संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार (दाएं)। सत्र का संचालन लोकल इंचार्ज गौरव दीक्षित (बाएं) ने किया। जागरण  

HighLights

  1. कानपुर की औद्योगिक गरिमा लौटाने पर जोर दिया गया।

  2. उत्पादों की ब्रांडिंग, तकनीकी उन्नयन को महत्वपूर्ण बताया गया।

  3. एकल विंडो समन्वय लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।

अखिलेश तिवारी, कानपुर। ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित कानपुर’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से गुरुवार को आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) सभागार में आयोजित ‘जागरण विमर्श’ के द्वितीय सत्र में शहर के औद्योगिक भविष्य पर गहन मंथन में उद्यमियों और विशेषज्ञों ने कहा कि उद्योग नगरी का वैभव वापस लाने के लिए उत्पादों की ब्रांडिंग, तकनीकी अपग्रेडेशन के साथ ही एकल विंडो समन्वय लागू करना होगा।

‘औद्योगिक विकास : संभावना और वास्तविकता’ विषय पर आयोजित इस चर्चा में शहर के दिग्गज उद्यमियों और प्रशासनिक अधिकारी ने एक स्वर में कहा कि कानपुर को अपनी पुरानी औद्योगिक गरिमा वापस पाने के लिए आरोप-प्रत्यारोप से बाहर निकलकर एकीकृत कार्ययोजना पर काम करना होगा।

विमर्श के तीसरे सत्र में काउंसिल फार लेदर एक्सपोर्ट्स (सीएलई) मध्य क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष असद के. इराकी, रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता, नार्दर्न इंडिया होजरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज बंका और संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने श्रोताओं के सवालों का भी समाधान बताया।

असद के. इराकी ने कहा कि कानपुर के उत्पाद लंदन और अमेरिका की हाई-स्ट्रीट बाजारों में बिकते हैं और हम गुच्ची-प्राडा जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों के लिए भी उत्पाद बनाते हैं, लेकिन अपनी खुद की ब्रांडिंग न होने के कारण हमें सही कीमत नहीं मिल पाती। मिलान और पेरिस की तर्ज पर फैशन ट्रेंड पूर्वानुमान के लिए निफ्ट जैसे संस्थानों और उद्योग के बीच समन्वय होना चाहिए। कानपुर एयरपोर्ट से सीमित उड़ानों की समस्या उठाते हुए लखनऊ एयरपोर्ट को ''''कानपुर-लखनऊ एयरपोर्ट'''' के रूप में विकसित कर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की।

रक्षा उद्यमी मनोज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान युद्ध तकनीक (यूक्रेन और ईरान-इजरायल संघर्ष का उदाहरण देते हुए) अब सैनिकों के बजाय ड्रोन, एंटी-ड्रोन और माइक्रो मिसाइलों पर केंद्रित हो गई है। रक्षा क्षेत्र में सीधे अंतिम उत्पाद बनाने के बजाय ड्रोन के मोटर, स्ट्रक्चर और अन्य कंपोनेंट बनाने के अवसर खूब हैं। समय के साथ तकनीक और गुणवत्ता में अपग्रेड न होने के कारण ही सरकारी फैक्ट्रियां प्रतिस्पर्धा में पिछड़ीं। अब आटोमेशन और वर्ल्ड-क्लास क्वालिटी समय की मांग है।

पीआइए के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बंका ने कहा कि कभी 'मैनचेस्टर आफ ईस्ट' कहलाने वाला कानपुर समय के साथ तकनीक को अपनाने में पिछड़ गया, जिससे तिरुपुर और लुधियाना जैसे शहर आगे निकल गए। आज कानपुर का होजरी व रेडीमेड उद्योग ही शहर की टेक्सटाइल विरासत को बचाए हुए है। उन्होंने मांग की कि कानपुर में एक आधुनिक डिजाइन स्टूडियो और टेस्टिंग लैब की स्थापना हो तथा उद्योग शहर की खुद की ब्रांडिंग की जाए।

उद्यमियों के सवालों पर संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार ने कहा कि सभी विभागों की एकीकृत योजना के साथ विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जरूरत है। ‘क्रीडा’ (कानपुर रीजन इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी) जैसी एकल नोडल संस्था से ऐसी समस्याओं का समाधान होगा। पिछले दो-तीन वर्षों में कानपुर क्षेत्र से रक्षा विनिर्माण लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाली इकाइयों की संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है, जो शहर के औद्योगिक पुनरुत्थान का शुभ संकेत है।

खुला सत्र में उठे अहम सवाल

सत्र के अंत में ओपन हाउस के दौरान वरिष्ठ साहित्यकार अशोक वाजपेयी ने आर्डिनेंस फैक्ट्रियों में घटते रोजगार का सवाल उठाया तो मनोज गुप्ता ने कहा कि तकनीकी का प्रयोग नहीं करने से सरकारी फैक्ट्रियां पिछड़ गई हैं। अमित रुइया ने पेरिस-मिलान की तर्ज पर फैशन हब बनाने के सुझाव को लागू करने के लिए स्थानीय स्तर पर फैशन डिजाइनिंग शिक्षण केंद्र की स्थापना पर जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।