विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IIT कानपुर के वैज्ञानिकों ने खोजा डायबिटीज का नया तंत्र, मिनटों में इंसुलिन का स्राव रोक सकती हैं इम्यून सेल्स

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:45 PM (IST)

आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने मधुमेह के विकास में एक नया तंत्र खोजा है। उन्होंने पाया कि अग्न्याशय की प्रतिरक्षा ...और पढ़ें

IIT कानपुर के विज्ञानियों ने खोजा डायबिटीज का नया तंत्र।

IIT कानपुर के विज्ञानियों ने खोजा डायबिटीज का नया तंत्र।

HighLights

  1. आईआईटी कानपुर ने मधुमेह के नए तंत्र की खोज की।

  2. प्रतिरक्षा कोशिकाएं मिनटों में इंसुलिन स्राव रोक सकती हैं।

  3. नई दवाओं के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। मधुमेह (डायबिटीज) के विकसित होने की प्रक्रिया को समझने की दिशा में आईआईटी के विज्ञानियों ने महत्वपूर्ण खोज की है। शोधकर्ताओं ने पता लगाया है कि अग्न्याशय (पैंक्रियास) में मौजूद प्रतिरक्षा कोशिकाएं महज कुछ मिनटों में इंसुलिन का स्राव रोक सकती हैं। शोध टीम ने इसके पीछे काम करने वाले नए आणविक तंत्र की भी पहचान की है।

खास बात यह है कि इस प्रक्रिया की पुष्टि मानव अग्न्याशय के ऊतकों में भी हुई है। इससे मोटापे और टाइप-2 मधुमेह से प्रभावित लोगों में इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं की कार्यक्षमता सुरक्षित रखने के लिए नई दवाओं के विकास का रास्ता खुल सकता है।

आईआईटी के जैविक विज्ञान एवं जैव अभियांत्रिकी विभाग के डा. साई प्रसाद पायडी के मार्गदर्शन में किए गए इस अनुसंधान कार्य में सिमरन सिंह और आशीष कुमार शामिल हैं। शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय जर्नल- जर्नल ऑफ क्लिनिकल इन्वेस्टिगेशन (जेसीआई) में प्रकाशित हुए हैं।

अनुसंधानकर्ताओं के अनुसार अग्न्याशय में इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं के साथ मैक्रोफेज नामक प्रतिरक्षा कोशिकाएं भी मौजूद होती हैं। अब तक माना जाता रहा है कि मोटापे के कारण शरीर में लंबे समय तक रहने वाली हल्की सूजन बीटा कोशिकाओं को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाती है। इसका असर महीनों या वर्षों में सामने आता है।

आईआईटी के शोध में सामने आया है कि मैक्रोफेज सीधे बीटा कोशिकाओं से संवाद कर कुछ ही मिनटों में इंसुलिन का स्राव बाधित कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें सूजन से जुड़े पारंपरिक संकेतों की जरूरत नहीं होती।

शोधकर्ताओं ने इस प्रक्रिया में मैक्रोफेज की सतह पर मौजूद जीपीआर 18 नामक रिसेप्टर की पहचान की है। इसके सक्रिय होने पर मैक्रोफेज स्फिंगोलिपिड्स नामक वसा अणुओं का तेजी से स्राव करते हैं।

आसपास की बीटा कोशिकाएं अपनी सतह पर मौजूद एक विशेष ट्रांसपोर्टर के जरिए इन अणुओं को ग्रहण कर लेती हैं। इसके बाद ये अणु कोशिकाओं के भीतर इंसुलिन के स्राव की प्रक्रिया में हस्तक्षेप करते हैं। इसका सफल प्रयोग चूहों पर किया गया है।

डॉ. साई प्रसाद पायडी के अनुसार इस शोध का महत्वपूर्ण पहलू मानव अग्न्याशय के ऊतकों पर किया गया अध्ययन है। अमेरिका के इंडियाना बायोसाइंसेज रिसर्च इंस्टीट्यूट के सहयोग से मानव अग्न्याशय के आइलेट्स में मौजूद प्रतिरक्षा कोशिकाओं में जीपीआर 8 रिसेप्टर की प्रचुरता पाई गई है।

यह शोध अभी मधुमेह के उपचार के लिए कोई नई दवा उपलब्ध नहीं कराता है, लेकिन इंसुलिन उत्पादन को प्रभावित करने वाले इस नए तंत्र की पहचान से टाइप-2 मधुमेह और मोटापे से जुड़े अनुसंधान को नई दिशा मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- कानपुर मंडी भाव: 12 नवंबर को गेहूं, दाल और तिलहन के ताजा रेट, देखें सोना-चांदी के दाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।