इलेक्ट्रिक रेल इंजन की तकनीकी खामियां दूर करेगा आईआईटी कानपुर, 6 महीने में तैयार होगा 'सुरक्षा कवच'
रेलवे के इलेक्ट्रिक इंजनों में आने वाली तकनीकी खामियों पर अब आइआइटी कानपुर के विशेषज्ञ शोध करेंगे।

इलेक्ट्रिक इंजन को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको शेड और आइआइटी में एमओयू हुआ। रेलवे
HighLights
आइआइटी कानपुर करेगा रेलवे के इलेक्ट्रिक इंजनों पर शोध।
इंजन के मशीन रूम के तापमान, आर्द्रता पर होगा अध्ययन।
ट्रैक्शन और आक्जिलरी कन्वर्टर की दिक्कतों का भी समाधान।
जागरण संवाददाता, कानपुर। रेलवे के इलेक्ट्रिक इंजनों में आने वाली तकनीकी खामियों पर अब आइआइटी के विशेषज्ञ शोध करेंगे। इसको लेकर उत्तर मध्य रेलवे के इलेक्ट्रिक लोको शेड, कानपुर और आइआइटी के बीच सोमवार को एमओयू हुआ। इसके तहत गर्मी और मानसून के दौरान इंजन के मशीन रूम में बढ़ने वाले तापमान और आर्द्रता से इलेक्ट्रानिक उपकरणों पर पड़ने वाले असर से लेकर ट्रैक्शन और आक्जिलरी कन्वर्टर में आने वाली तकनीकी दिक्कतों का वैज्ञानिक तरीके से विश्लेषण किया जाएगा। छह माह की इस योजना पर 35 लाख रुपये खर्च होंगे।
इस शोध का मुख्य उद्देश्य तीन फेज इलेक्ट्रिक इंजनों, विशेषकर डब्ल्यूएजी-9 एच श्रेणी के इंजनों की तकनीकी विश्वसनीयता बढ़ाना और बार-बार होने वाली खराबियों के मूल कारणों का पता लगाना है। इसके लिए आइआइटी के सेंटर फार रिसर्च (सीआरआर) के विशेषज्ञ रेलवे के परिचालन और अनुरक्षण से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन कर तकनीकी समाधान सुझाएंगे। एमओयू के दौरान इलेक्ट्रिक लोको शेड की ओर से वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता राहुल त्रिपाठी, मंडल विद्युत अभियंता आलोक मिश्रा, आइआइटी से विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के प्रो. पीयूषकांत, प्रो. सर्वेश मिश्रा मौजूद रहे।
मशीन रूम की गर्मी और नमी पर होगा शोध
परियोजना के तहत 15 लाख रुपये की लागत से मशीन रूम के तापमान और आर्द्रता की समस्या का अध्ययन किया जाएगा। गर्मी और मानसून के दौरान मशीन रूम में तापमान व नमी बढ़ने से इलेक्ट्रानिक कार्ड, सेंसर और अन्य विद्युत उपकरणों में अस्थायी खराबियां आने की आशंका रहती है। इसका असर इंजन की कार्यक्षमता पर भी पड़ता है। आइआइटी विशेषज्ञ कंप्यूटेशनल फ्लूड डायनेमिक्स (सीएफडी) तकनीक के जरिए मशीन रूम में हवा के प्रवाह, तापमान के वितरण और वेंटिलेशन व्यवस्था का कंप्यूटर आधारित विश्लेषण करेंगे।
एयर इनलेट फिल्टर और आउटलेट की डिजाइन में सुधार के सुझाव भी दिए जाएंगे। दूसरे चरण में 20 लाख रुपये की लागत से ट्रैक्शन और आक्जिलरी कन्वर्टर में लगे आइजीबीटी माड्यूल्स पर पड़ने वाले विद्युत और तापीय दबाव का अध्ययन होगा। इसके लिए इंजन के स्टार्ट होने, गति पकड़ने और ब्रेकिंग के दौरान बिजली की आपूर्ति और तापमान में होने वाले बदलावों की जांच की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।